*सपा नेता सुनील सिंह और उनके साले अभिषेक पर केस*
*अमूल्य रत्न न्यूज़ गोरखपुर संवादाता*
*गोरखपुर*/हिन्दू युवा वाहिनी छोड़कर सपा का दामन थाम चुके सुनील सिंह और उनके साले अभिषेक सिंह के खिलाफ सहजनवा थाने की पुलिस ने जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया है। जीजा-साले पर एक स्वर्ण व्यवसायी को मकान दिलाने के नाम पर 4.30 लाख रुपए हड़प लिए जाने का आरोप है। स्वर्ण व्यवसायी ने एसएसपी से इस मामले में गुहार लगाई थी। एसएसपी के निर्देश पर सहजनवा थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
सहजनवा थानाक्षेत्र के पाली निवासी स्वर्ण व्यवसायी पंकज वर्मा ने एसएसपी डॉ विपिन ताड़ा को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि कैंट थाना क्षेत्र स्थित महादेव झारखंडी आवास विकास कॉलोनी निवासी सुनील सिंह और सहजनवा थाना क्षेत्र स्थित भगौरा गांव निवासी अभिषेक सिंह ने योजनाबद्ध तरीके से उनके 4.30 लाख रुपये हड़प लिए हैं। पंकज ने एसएसपी को बताया कि 20 मई 2018 को सुनील सिंह अभिषेक सिंह के साथ उनके पास आए। सुनील ने कहा कि अभिषेक को पैसे की जरूरत है। अभिषेक अपना केशवपुर सहजनवा स्थित अपना मकान बेचना चाहते हैं। वह मकान की कीमत 25 लाख रुपए मांग रहे हैं। सुनील सिंह का कहना था कि वर्तमान में उन्हें 4.30 लाख रुपए की जरूरत है। इतनी रकम दे दें। शेष रकम 6 माह के अंदर देकर मकान रजिस्ट्री करा लेंगे। आरोप है कि सुनील और अभिषेक ने रुपए लेने के बाद मकान नहीं दिया। अब लिए हुए 4.30 लाख रुपए भी नहीं लौटा रहे हैं। एसएसपी के निर्देश पर सहजनवा थाने की पुलिस ने सुनील सिंह और अभिषेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
*इन धाराओं में दर्ज हुआ केस*
सुनील सिंह और अभिषेक सिंह के खिलाफ सहजनवा थाने की पुलिस ने धारा 419, 420,406 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। सहजनवा थाने की पुलिस ने 22 मई 2018 को की गई धोखाधड़ी के मामले में सुनील सिंह और अभिषेक सिंह के खिलाफ 1 अप्रैल 2022 की शाम को मुकदमा दर्ज किया है।

