उरई से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां छेड़छाड़ मामले की विवेचना कर रहे दारोगा को पीड़ित महिला के व्हाट्सऐप पर सुबह-शाम हाय…हैलो के मैसेज करने लगे। वहीं, जब इस बात की भनक आला अधिकारी को चली तो उन्होंने दारोगा को निलंबित कर दिया गया।
यह कार्रवाई शुक्रवार को झांसी रेंज के आईजी आकाश कुलहरि ने की। वे उरई कोतवाली में जनसुनवाई कर रहे थे। छेड़छाड़ की घटना की शिकार एट थाना क्षेत्र की एक महिला आई। उसने विवेचक दरोगा नरेंद्र सिंह पर बेवजह हैलो…हाय के मैसेज कर परेशान करने का आरोप लगाया।
जिले के दो दिवसीय दौरे पर आए आईजी आकाश कुलहरि शुक्रवार सुबह उरई कोतवाली पहुंचे। निरीक्षण करने के बाद उन्होंने जन सुनवाई शुरू की। अभी वे लोगों की समस्याएं सुन ही रहे थे कि तभी एट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि देवर ने उससे छेड़खानी की थी। उसने देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं, पति पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा लिखवाया था। महिला ने आईजी को बताया कि विवेचना कर रहे एट थाने में तैनात दरोगा नरेंद्र सिंह उसे फोन करने पर जानकारी नहीं देते हैं, बल्कि व्हाट्सएप पर सुबह-शाम हाय…हैलो के मैसेज करते रहते हैं। इस पर एक्शन लेते हुए आईजी ने दारोगा को सस्पेंड कर दिया।
बलिया में महिला को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजने के आरोप में सिपाही निलंबित
उधर, बलिया शहर कोतवाली में तैनात एक पुलिसकर्मी को एक महिला को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजने के आरोप में निलंबित करके मामले में जांच की संस्तुति की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने बलिया शहर कोतवाली में कार्यरत आरक्षी (सिपाही) पंकज पाठक को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि आरक्षी पंकज पाठक पर बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजने का आरोप है। इस मामले की जांच नगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोहम्मद उस्मान को सौंपी है। सीओ उस्मान ने शुक्रवार को बताया कि आरक्षी के विरुद्ध जांच शुरू कर दी गई है।

