रुक्मिणी और राधिका के विषय मे सोचती हूँ तो पाती हूँ कि कैसा होगा वह क्षण जब दोनों ठकुरानियाँ मिली होंगी। दोनों ने प्रेम किया था। एक ने बालक कृष्ण से, दूसरे ने राजनीतिज्ञ कृष्ण से।
एक को अपनी मनमोहक बातों के जाल में फँसा लेने वाला कान्हा मिला था, और दूसरे को मिले थे सुदर्शन चक्र धारी, महायोद्धा कृष्ण।
रुक्मिणी कृष्ण की पत्नी थीं, महारानी थीं, पर उन्होंने कृष्ण की वह लीला नहीं देखी जिसके लिए विश्व कृष्ण को स्मरण रखता है। उन्होंने न माखन चोर को देखा, न गौ-चरवाहे को। उनके हिस्से में न बाँसुरी आयी, न माखन।
कितनी अद्भुत लीला है, राधिका के लिए कृष्ण कान्हा था, रुक्मिणी के लिए कान्हा कृष्ण थे। पत्नी होने के बाद भी रुक्मिणी को कृष्ण उतने नहीं मिले कि वे उन्हें “तुम” कह पातीं। “आप” से “तुम” तक की इस यात्रा को पूरा कर लेना ही प्रेम का चरम पा लेना है। रुक्मिणी कभी यह यात्रा पूरी नहीं कर सकीं।
राधिका की यात्रा प्रारम्भ ही ‘तुम’ से हुई थीं। उन्होंने प्रारम्भ ही “चरम” से किया था। शायद तभी उन्हें कृष्ण मिले।
परन्तु …..
कितना अजीब है न! कृष्ण जिसे नहीं मिले, युगों युगों से आजतक उसी के हैं, और जिसे मिले उसे मिले ही नहीं।
इसीलिए कृष्ण को पाने का प्रयास मत कीजिये। पाने का प्रयास कीजियेगा तो कभी नहीं मिलेंगे। बस प्रेम कर के छोड़ दीजिए, जीवन भर साथ निभाएंगे कृष्ण। कृष्ण इस सृष्टि के सबसे अच्छे मित्र हैं।
राधिका हों या सुदामा, कृष्ण ने मित्रता निभाई तो ऐसी निभाई कि इतिहास बन गया।
कृष्ण से जीवन भर कुछ न कुछ छूटता ही रहा। कृष्ण जीवन भर त्याग करते रहे।
हमारी आज की पीढ़ी को ही लीजिए, जो कुछ भी छूटने पर टूटने लगती है। जीवन मे सफलता नही मिली तो छटपटाने लगते हैं। उल्टे सीधे प्रयास करने लगते हैं।
हमे कृष्ण को गुरु बना लेना चाहिए। जो कृष्ण को समझ लेगा वह कभी अवसाद में नहीं जाएगा। कृष्ण आनंद के देवता है। कुछ छूटने पर भी कैसे खुश रहा जा सकता है, यह कृष्ण से अच्छा कोई सिखा ही नहीं सकता।
जय जय श्रीराधा राधा🙇

