आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस ने की ऑटो एसोसिएशन के साथ बैठक
अमूल्य रत्न न्यूज़ संवाददाता गोरखपुर की रिपोर्ट
गोरखपुर। – पूर्वांचल ऑटो एसोसिएशन के साथ सोमवार को एसपी ट्रैफिक और आरटीओ अनीता सिंह ने बैठक कर शहर को जाम से छुटकारा दिलाने के साथ ही प्रदूषण में कमी ले आने के लिए उनसे मदद मांगी।
बैठक में यूनियन के पदाधिकारियों ने शहर के शास्त्री चौराहा,अंबेडकर चौराहा तथा यूनिवर्सिटी चौराहे आदि पर ऑटो स्टैंड बनाने की मांग की। यूनियन के लोगों ने बताया कि शहर में स्टैंड के अभाव में जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। यूनियन ने आटो चालकों की विभिन्न समस्याओं से एसपी ट्रैफिक और आरटीओ को अवगत कराया। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि सभी ऑटो चालक 15 दिन में हाई सिक्योरिटी रेजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाने के साथ ही फिटनेस पूर्ण कर लें। सभी प्रकार के कागजात पूरा रखें और निर्धारित रूट पर ही चलें।
अपने वाहन की बॉडी में किसी प्रकार की छेड़छाड़, एक्स्ट्रा गार्ड आदि न लगाएं। एसपी ट्रैफिक ने कहा कि यह भी ध्यान रखें कि आटो से यात्री को चौराहे से 50 मीटर पहले ही उतारे अथवा बिठाएं जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। वहीं यदि चौराहे से बाएं नहीं मुड़ना है तो बाईं लेन को खाली रखें उसको जाम ना करें। चालकों को यह बताया गया कि जिस किसी के पास काली रंग की आटो है उसको शहर में न चलाएं। अपने वाहन का समय-समय पर प्रदूषण का मानक चेक कराते रहें जिससे शहर को प्रदूषण से मुक्त किया जा सके।

