*विदेश में नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़ा,29जनवरी,रिपोर्ट-रमाकान्त जायसवाल*
_____________________
*टूरिस्ट वीजा पर जालसाज ने भेज दिया दुबई, नौकरी तो दूर खाना तक नहीं हुआ नसीब*
______________________
*गुलरिहा पुलिस ने टूरिस्ट वीजा पर भेजने वाले आरोपित निजाम के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।*
______________________
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बेरोजगार युवक को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। यहां के एक युवक को जालसाज ने टूरिस्ट वीजा पर दुबई में कमाने भेज दिया। लेकिन वहां जाने के बाद उसे न तो खाना मिल रहा था और न ही बतायी गई जॉब। थक हार कर युवक ने फोन पर यह बात परिजनों से बताया और वापस बुलाने की गुहार लगाई। जिसके बाद परिजनों ने उसे वापस बुलाया। अब परिजनों की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने टूरिस्ट वीजा पर भेजने वाले आरोपित निजाम के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
*90 हजार लेकर भेजा था दुबई*
गुलरिहा के तरकुलहां निवासी अकरम पुत्र मोहम्मद हनीफ ने बताया कि उसके गांव का ही निजाम बेरोजगार युवकों को विदेश भेजने का काम करता है। निजाम ने कहा कि अपने बेटे को दुबई भेज दीजिए। वहां से ऑफर आया है और बहुत अच्छी सैलरी मिलने वाली है। उनके बहकावे में आकर अकरम ने 90 हजार रूपए निजाम को दे दिया।
*एक महीने पहले वसीउल्लाह को भी भेजा था*
अकरम के बेटे वसीउल्लाह को टूरिस्ट वीजा पर निजाम ने विदेश भेज दिया। एक माह रहने के बाद वसीउल्लाह ने फोन कर परिजनों से कहा कि निजाम ने धोखा किया है। यहां काम तो दूर खाना तक नहीं मिल रहा है। किसी प्रकार मुझे घर बुला लीजिए। फोन पर बेटे की लाचारी से परेशान होकर अकरम अपने परिचित रिश्तेदार के माध्यम से पैसे की व्यवस्था कर उसे घर बुला लिया। जब वह विदेश भेजने वाले निजाम को मामले से अवगत कराया तो वह अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि आपका पैसा वह निजी कारोबार में लगा लिया है।
15 दिन बाद पैसा लौटाने का वादा किया। लेकिन बाद में धमकी देने लगे और पैसा नही देने की बात कही।पीड़ित अकरम मर शनिवार को पुलिस को तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने शनिवार दोपहर आरोपित निजाम के खिलाफ धारा 419, 420,406,506 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

