*गोरखपुर…अखिलेश यादव का प्रचार करने वाला सिपाही लाइन हाजिर:सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था राजनीतिक वीडियो,*
*एंटी करप्शन मीडिया न्यूज़ संवाददाता रमाकान्त जायसवाल*
गोरखपुर! जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पीपीगंज थाने में तैनात एक सिपाही आचार संहिता के दौरान भी सपा का प्रचार करता मिला। अखिलेश यादव का राजनीतिक वीडियो सिपाही ने सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में एसएसपी ने पीपीगंज थाने पर तैनात सिपाही कृष्ण कुमार यादव को लाइन हाजिर कर दिया। मंगलवार की शाम आरोपी कांस्टेबल अपना सामान समेटकर पुलिस लाइन में आमद करा लिया।
*पीपीगंज थाने पर तैनात था कांस्टेबल*
संतकबीरनगर के निवासी कृष्ण कुमार यादव बीते 9 महीने से पीपीगंज थाने पर तैनात हैं। आरोप है कि बीते दिनों सिपाही ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अखिलेश यादव का एक वीडियो पोस्ट कर दिया। इसके बाद इसकी शिकायत किसी ने एसएसपी से कर दी। जांच के बाद मंगलवार को एसएसपी ने सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया।
*सिपाही ने दी सफाई*
हालांकि सिपाही का कहना है कि वह छुट्टी के दौरान घर गया हुआ था। इस दौरान उसके बेटे ने ऐसा कर दिया। जानकारी होते ही सिपाही ने वीडियो डिलिट कर दिया है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

