सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में जमीन हड़पने के इरादे से एक व्यक्ति का अपहरण कर उसे नशीला पदार्थ पिलाने और रेप के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की पत्नी रीता सैनी की तहरीर पर पुलिस ने सुनील शुक्ला, राजू और आकांक्षा पांडे समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रीता सैनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 28 अप्रैल को दोपहर 11 बजे गांव निवासी राजू रावत ने उनके पति को जमीन दिखाने के बहाने बुलाया था। उनके पति मोटरसाइकिल से जमीन देखने गए थे। शराब ठेके के पास पहले से मौजूद सुनील शुक्ला, राजू और कुछ अन्य अज्ञात लोगों ने उन्हें जबरन एक काली फॉर्च्यूनर (UP32 P.T. 2575) में बैठाकर ले गए।
काफी खोजबीन के बाद रीता को अपने परिचित नितेश सिंह की मदद से पता चला कि उनके पति को निलमथा स्थित सैनिक गेस्ट हाउस में रखा गया है। वहां पहुंचने पर उनके पति कमरे के अंदर अचेत अवस्था में मिले। परिजनों और दोस्तों की मदद से उन्हें घर लाया गया।
रीता सैनी के अनुसार, होश में आने पर पति ने बताया कि सुनील शुक्ला, राजू और आकांक्षा पांडे ने मिलकर उन्हें जमीन हड़पने की नीयत से नशीला पदार्थ पिला दिया था, जिससे वे अचेत हो गए पति ने यह भी बताया कि आकांक्षा पांडे ने उन्हें धमकी दी।
उनके साथ अश्लील तस्वीरें बना ली गई हैं। यदि वे जमीन की रजिस्ट्री नहीं करेंगे,तो उन्हें रेप के झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेज दिया जाएगा। रीता के मुताबिक, राजू के माध्यम से आकांक्षा पांडे से अपने पति के आधार कार्ड और पैन कार्ड वापस करने और धमकी देने के संबंध में पूछा, तो जान से मारने की धमकी दी।
कहा कि जमीन तो सुनील शुक्ला और वह अपने नाम करा लेंगे, चाहे जो हो जाए। रीता सैनी ने आरोप लगाया है कि यह गिरोह आपराधिक षड्यंत्र के तहत भूमि हड़पने का काम करता है। डीसीपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए टीमों का गठन किया जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों सुनील शुक्ला और आकांक्षा पांडेय को दबोच लिया है।

