*लंका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: झपटमारी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, लूट का सामान और बाइक बरामद*
वाराणसी में अपराध पर लगाम कसने के अभियान के तहत वाराणसी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
थाना लंका पुलिस ने झपटमारी की घटना को सुलझाते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट का सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत, काशी जोन के अधिकारियों के पर्यवेक्षण और थाना लंका टीम के नेतृत्व में की गई।
25 अप्रैल 2026 को सामने घाट स्थित जजेज गेस्ट हाउस के पास खाली जमीन से दोनों आरोपियों—डब्बू (25 वर्ष) और साहिद उर्फ साहिल (20 वर्ष)—को गिरफ्तार किया गया।घटना 20 अप्रैल 2026 की है, जब बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला का बैग झपट लिया था।
बैग में मांग टीका, नथिया, नाक की कील, ईयर रिंग और करीब 20 हजार रुपये मौजूद थे।
पीड़िता की शिकायत पर थाना लंका में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे नशे के आदी हैं और इसी लत को पूरा करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे।
उन्होंने बताया कि छीने गए सामान को बेचकर मिलने वाले पैसों से वे अपना खर्च चलाते थे।
पुलिस ने उनके पास से 01 मांग टीका, 01 नथिया, 01 नाक की कील, 200 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस मामले में थाना लंका पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें कई अधिकारियों और जवानों ने मिलकर इस घटना का सफल अनावरण किया

