*काशी में ऐतिहासिक आगमन: 14 किमी के भव्य रोड शो संग पीएम मोदी का दो दिवसीय दौरा, जनसैलाब से गूंजेगी बनारस*
वाराणसी एक बार फिर ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है, जब नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल, मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री शाम 4:00 बजे शहर पहुंचकर बरेका ग्राउंड में लगभग 40 हजार महिलाओं से संवाद करेंगे, जो इस दौरे का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है। इसके बाद वे रात्रि विश्राम बरेका गेस्ट हाउस में करेंगे।
अगले दिन 29 अप्रैल, बुधवार की सुबह 8:00 बजे उनका काफिला डीएलडब्ल्यू से रवाना होगा और लहरतारा पुलिस लाइन, चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन होते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेगा, जहां प्रधानमंत्री बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे।इस दौरे की सबसे खास बात यह है कि प्रधानमंत्री का यह रोड शो अब तक का सबसे लंबा—करीब 14 किलोमीटर—बताया जा रहा है। पूरे मार्ग पर भव्य स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस रोड शो को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक रणनीति बनाई है।जानकारी के अनुसार, रोड शो के दौरान पांच प्रमुख स्थानों पर प्रधानमंत्री का विशेष स्वागत किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी महिलाओं को सौंपने की योजना है। यह पहल महिला सशक्तिकरण और उनकी भागीदारी को दर्शाने वाली मानी जा रही है। शहर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। काशी की गलियां, सड़कें और प्रमुख चौराहे इस भव्य आयोजन के लिए सजाए जा रहे हैं। हर तरफ उत्साह और तैयारियों का माहौल है, मानो पूरा शहर अपने लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के स्वागत के लिए तैयार खड़ा हो। यह दौरा न सिर्फ राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि काशी के सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व को भी एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर उजागर करेगा।

