*दुकान चोरी का खुलासा, अभियुक्त दिलेश्वर प्रजापति गिरफ्तार*
स्थानीय संवाददाता……*
वाराणसी। कार्यालय पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन, कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा जारी के अनुसार वाराणसी पुलिस ने एक और सफल कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का खुलासा कर दिया है। थाना जंसा पुलिस ने ऑपरेशन “चक्रव्यूह” अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त दिलेश्वर प्रजापति (उम्र लगभग 29 वर्ष) को गिरफ्तार किया।उपनिरीक्षक आदित्य सेन, चौकी प्रभारी रामेश्वर और उनकी टीम ने क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर भाऊपुर तिराहे के पास से आरोपी को दबोच लिया। यह गिरफ्तारी हरिहरपुर स्थित एक फास्ट फूड दुकान में हुई चोरी के मामले में दर्ज मुकदमा संख्या 76/2026 (धारा 305ए बीएनएस) से संबंधित है।पुलिस पूछताछ और अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है, जिसमें 02 गैस सिलेंडर, 01 मिक्सर मशीन, 02 सरसों तेल के डिब्बे तथा एक डिब्बे में रखे 480 रुपये शामिल हैं। यह वही सामान है जिसे आरोपी ने दुकान से चोरी किया था। बताया गया कि वादी ने थाना जंसा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी हरिहरपुर बाजार स्थित फास्ट फूड दुकान से रात के समय अज्ञात चोरों ने सिलेंडर, मिक्सर मशीन, अन्य सामान और लगभग 4000 रुपये नकद चोरी कर लिए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। इस सफल कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि वाराणसी पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।