*बक्शीपुर चौकी को मिला तेजतर्रार प्रभारी, आदित्य कुमार पाण्डेय ने संभाला कार्यभार*
*“कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखना और हर पीड़ित को न्याय दिलाना मेरी पहली प्राथमिकता”: आदित्य कुमार पाण्डेय*
*गोरखपुर*/जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ द्वारा किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 27 सब-इंस्पेक्टरों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।
इसी क्रम में गोरखनाथ थाने में तैनात तेजतर्रार सब-इंस्पेक्टर आदित्य कुमार पाण्डेय को कोतवाली क्षेत्र की अहम बक्शीपुर चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
गाजीपुर जनपद के निवासी आदित्य कुमार पाण्डेय वर्ष 2023 बैच के सब-इंस्पेक्टर हैं।
अपनी पहली ही तैनाती में उन्होंने गोरखनाथ थाने पर रहते हुए काबिलियत और सक्रियता का बेहतरीन परिचय दिया।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई गंभीर मामलों का सफल खुलासा किया, जिनमें गुजरात से दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी, महिलाओं के साथ एटीएम धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तथा कई शातिर लुटेरों और चोरों को पकड़कर जेल भेजना शामिल है।
उनकी इसी कार्यकुशलता, तत्परता और सख्त पुलिसिंग के चलते वरिष्ठ अधिकारियों ने उन पर भरोसा जताते हुए बक्शीपुर चौकी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में आदित्य कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि चौकी क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर जनता की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि शासन की गाइडलाइंस एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करते हुए हर पीड़ित की बात गंभीरता से सुनी जाएगी और उसे न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

