संतकबीरनगर में चकबंदीकर्ता/चकबंदी लेखपाल संघ ने मंगलवार को चकबंदी अधिकारी ऐस मोहम्मद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। संघ का आरोप है कि चकबंदी लेखपाल राम प्रवेश यादव को बिना पर्याप्त साक्ष्य के निलंबित किया गया है।यह मामला धनघटा के ग्राम संठी से संबंधित है, जहां चक निर्माण में अनियमितता का आरोप है। संघ का कहना है कि इस मामले में चकबंदी अधिकारी ऐस मोहम्मद की जांच रिपोर्ट के आधार पर लेखपाल राम प्रवेश यादव को निलंबित किया गया है।
संघ के सदस्यों ने बताया कि चकबंदी अधिकारी ऐस मोहम्मद बिना किसी ठोस साक्ष्य के लेखपाल को दोषी ठहरा रहे हैं। उनका यह भी आरोप है कि राम प्रवेश यादव को निलंबन अवधि के दौरान चकबंदी अधिकारी कार्यालय खलीलाबाद में अटैच किया गया है और उन्हें लगातार जेल भेजने की धमकी दी जा रही है।संघ ने दावा किया कि आपत्तियां चकबंदी अधिकारी के मौखिक आदेश पर ली गई थीं और काश्तकार ने स्वयं अपनी आपत्ति में सुधार की मांग की थी। पत्रावली काश्तकार के हस्ताक्षर से ही वापस की गई थी, जो चकबंदी अधिकारी और पेशकार के संज्ञान में था और उस पर पेशकार के हस्ताक्षर भी थे।
संघ ने आरोप लगाया कि लेखपाल पर अभी भी दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले भी इसी तरह के दबाव और मानसिक तनाव के कारण दो सहायक चकबंदी अधिकारी हृदय रोग और ब्रेन हैमरेज जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ चुके हैं।संघ ने चेतावनी दी है कि यदि चकबंदी लेखपाल को कोई समस्या होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी चकबंदी अधिकारी ऐस मोहम्मद और अन्य संबंधित अधिकारियों की होगी। संगठन ने ग्राम संठी मामले में चकबंदी अधिकारी ऐस मोहम्मद को भी पूर्ण रूप से जिम्मेदार ठहराया है और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।उत्तर प्रदेश चकबंदी लेखपाल संघ के अध्यक्ष पंकज यादव, मंत्री आर्मेंद्र उपाध्याय ने कहा कि लेखपाल रामप्रवेश यादव पर हुई निलंबन की कार्रवाई को लेकर चकबंदी अधिकारी परआरोप मढ़ा हैं, उनका कहना है कि लेखपाल के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई को वापस लिया जाए और इसमें जो दोषी हो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ऐसा न होने पर हमारा संगठन एक बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। प्रदर्शन के दौरान धनंजय चौधरी, आनंद कुमार, इंद्रेश यादव, मृत्युंजय धर दुबे, शैलेश गुप्ता, वीरेंद्र कुमार यादव, आदर्श पांडेय, गौरव पांडेय, नरसिंह नारायण, मृतेंज कुमार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

