*आंतरिक मूल्यांकन में धन उगाही करने से मना करने पर प्रधानाचार्य को जान से मारने की धमकी*
👉राष्ट्रीय इंटर कालेज बौर ब्यास का मामला
👉प्रधानाचार्य कक्ष में घुस कर प्रबंधक ने किया दुर्व्यव्हार
🖥️🖥️🖥️
संतकबीरनगर। आंतरिक मूल्यांकन के नाम पर धन उगाही करने से मना करने पर राष्ट्रीय इंटर कालेज बौर ब्यास के प्रबंधक ने प्रधानाचार्य के कार्यालय में घुसकर गाली गलौज किया। मनमानी करने से टोका टाकी करने पर जान से मारने की धमकी दी है। प्रबंधक प्रधानाचार्य को पद से इस्तीफा देने का दबाव बना रहे हैं। मामले शिकायत थानाध्यक्ष धर्मसिंहवा से करके प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की गई है।
पीड़ित प्रधानाचार्य अवध राज ने उच्चाधिकारीयों को भेजे शिकायती पत्र में गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि विद्यालय हाईस्कूल स्तर तक अनुदान प्राप्त व इंटरमीडिएट स्तर तक वित्त विहीन मान्यता प्राप्त हैं। विद्यालय के प्रबंधक रवि शंकर पांडेय, उनके पिता अरुण कुमार पांडेय द्वारा विद्यालय संचालन में कठिनाई उत्पन्न की जा रही हैं। उक्त दोनों लोगों के द्वारा विद्यालय के वित्तविहीन प्रवक्ता गोरखनाथ राय के माध्यम से हाईस्कूल व इंटर मीडिएट में पंजीकृत छात्र छात्राओं से आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट व खेल ) का अंक देने के नाम पर मेरे बार -बार मना करने के बावजूद प्रति छात्र ₹600 ( छः सौ रुपया) बतौर सुविधा शुल्क के नाम पर वसूल किया गया है।
पत्र में लिखा गया है कि दिनांक 14 फ़रवरी 2026 को विद्यालय के प्रबंधक रवि शंकर पांडेय, उनके पिता अरुण कुमार पांडेय व वित्तविहीन प्रवक्ता गोरखनाथ राय गोलबंद होकर विद्यालय परिसर में स्थित मेरे कार्यालय आये और माँ, बहन की भद्दी भद्दी गाली देते हुए जान से मारने के लिए दौड़े और कहे कि विद्यालय हमारा है, हम अपने मर्जी से चलाएंगे ज्यादा बोलोगे तो मरवाकर फिकवा दूंगा। मैंने आग्रह किया कि सर स्टाफ के सामने अपमानित मत कीजिये फिर भी नहीं माने और गाली देते रहे।
उन्होंने बताया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य से संबंधित सभी निधियों के खातों से संबंधित पासबुक, चेक बुक भी प्रबंधक उठा ले गए है और हमसे जबरन हस्ताक्षर करके हर फंड से मनमाना आहरण कर रहे है जिससे हम मानसिक रूप से परेशान हैं। हस्ताक्षर करने से मना करने पर प्रधानाचार्य पद से इस्तीफा देने का दबाव बना रहे है।
पत्र की प्रतिलिपि मंडलायुक्त, बस्ती मण्डल-बस्ती, जिलाधिकारी, संत कबीर नगर, संयुक्त शिक्षा निदेशक बस्ती मण्डल, जिला विद्यालय निरीक्षक, संत कबीर नगर अध्यक्ष /मंत्री उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद, अध्यक्ष /मंत्री उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ सूचनार्थ व आवश्यक कार्रवाही हेतु प्रेषित की गई है।