
राजधानी भोपाल में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला, हसीना बी पर आरोप है कि उसने शादी और प्रेम जाल के जरिए 37 से 75 साल तक के पुरुषों को ठगा है और उनसे संपत्ति हड़प ली है।
निशातपुरा थाना क्षेत्र में इस मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने हसीना बी को गिरफ्तार कर लिया है।
हसीना बी पर पांच कथित पतियों को चूना लगाने का आरोप है।
पुलिस का कहना है कि हसीना बी 18 साल से अलग-अलग नामों और झूठे रिश्तों का सहारा लेकर बुजुर्गों को फंसा रही थी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और महिला की संपत्ति को सीज करने की तैयारी कर रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि सभी मामलों में महिला का ठगी का तरीका एक जैसा था।
ताजा मामला 74 वर्षीय रफीक मियां से जुड़ा है। महिला ने खुद को कुंवारी बताकर रफीक मियां से निकाह किया। तीन महीने में ही 25 लाख रुपये की संपत्ति हड़प ली। महिला ने रफीक मियां की नकद पेंशन भी ली और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित बुजुर्ग ने शादी इसलिए की थी, ताकि आखिरी वक्त में उन्हें कोई सहारा मिल सके, लेकिन उन्हें धोखा मिला। पुलिस जांच में अन्य पीड़ितों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें सागेर खान, सनवर खान और फरहान शामिल हैं।
फरहान के मामले में तो यह भी पता चला कि हसीना बी ने उसी के साथ मिलकर ये गैंग शुरू किया था। बाद में उसी को ही ठग डाला। पुलिस को शक है कि महिला के जाल में और भी लोग फंसे हो सकते हैं। इसलिए चौथे पीड़ित से संपर्क की कोशिश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, हसीना बी के कुल चार बच्चे हैं। उसने ठगी से मिली रकम से कई जमीनें खरीदी हैं। पुलिस अब इन संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है और जल्द ही उन्हें सीज करने की तैयारी कर रही है।