प्रयागराज।
नए यमुना पुल के नीचे नहाने के दौरान शुक्रवार सुबह आठ साल का बच्चा यमुना में समा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया।
जल पुलिस ने बच्चे को बचाने के लिए गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम लगाई।
गोताखोरों ने शव को निकाला। पुलिस पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने लगी,
लेकिन तभी धरकार बस्ती की सैकड़ों महिलाएं पहुंच गईं और हंगामा करने लगीं।
शव को पुलिस से छीनकर घर ले गईं।
यमुना बैंक रोड किनारे धरकार बस्ती निवासी सुखलाल का आठ साल का बेटा आनंद अपने साथी 15 वर्षीय अभिषेक के साथ शुक्रवार सुबह नौ बजे यमुना में नहाने गया था।
इस दौरान अचानक आनंद का पैर फिसल गया और वह यमुना में डूब गया।
अभिषेक की सूचना पर नाविक पहुंचे, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घंटों मशक्कत के बाद शव मिला।
इस बीच बच्चे के घर वाले भी पहुंच गए।
कीडगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजन बच्चे के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे।
इसलिए उन्हें सौंप दिया गया।

