
महराजगंज,अयोध्या में श्री राम जन्म भूमि पर बने भव्य राममंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का समारोह 22 जनवरी 2024 को होने वाला है। आज प्रायश्चित पूजा से अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई है। ऐतिहासिक राम मंदिर में रामलला के पधारने की शुभ घड़ी आ गयी। माता शबरी की तरह सनातन समाज की अखंड तपस्या फलित हो गई और रामलला अपने गृह प्रवेश की यात्रा पर पग बढ़ा चुके हैं। प्राण प्रतिष्ठा से पहले रामलला की प्रतिमा 18 जनवरी को गर्भगृह में अपने आसन पर खड़ी कर दी जाएगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को दोपहर 12.20 से 1 बजे तक चलेगी। प्राण प्रतिष्ठा की मूर्ति का वजन 150 से 200 किलो है। रामलला की खड़ी प्रतिमा स्थापित होगी। 23 जनवरी से आम लोगों को दर्शन मिलने लगेगा।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 22 जनवरी को राममंदिर में होने जा रही रामलला प्राण प्रतिष्ठा से पहले दुनिया भर के रामभक्तों को एक काम सौंप दिया है। मंगलवार को एक्स पर जारी एक पोस्ट में ट्रस्ट ने रामभक्तों से लघु वीडियो के जरिए इस ऐतिहासिक आयोजन के बारे में अपने विचार और भावनाएं व्यक्त करने का आग्रह किया। पोस्ट में लिखा है- ‘प्रभु श्री राम अपनी जन्मस्थली पर पांच शताब्दियों के पश्चात पुन: पधार रहे हैं। इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए सम्पूर्ण ब्रह्मांड उत्सुकता से प्रतीक्षा में है। प्रभु श्री राम के स्वागत की भव्यता को बढ़ाने के लिए, हम दुनिया भर के सभी रामभक्तों से एक लघु वीडियो के माध्यम से इस ऐतिहासिक आयोजन के बारे में अपने विचार और भावनाएं व्यक्त करने का आग्रह करते हैं। आप ये वीडियो अपने पूरे नाम, जगह और संक्षिप्त व्यक्तिगत नोट के साथ #ShriRamHomecoming लिखकर सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर सकते हैं। आईए, सभी मिलकर सामूहिक रूप से एकता के सबसे बड़े सूत्रधार भगवान श्रीराम के आगमन का उत्सव मनाएं।
बता दें कि अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर बने भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होने वाली है। समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश भर के हजारों संतों और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे।
रिपोर्टर कैलाश सिंह महराजगंज