जल्द शुरू होगा राप्ती में नौकायन,स्टीमर बोट का ट्रायल हुआ
गोरखपुर – राप्ती नदी का जलस्तर घटने के साथ रामगढ़ झील की तरह यहां भी नौकायन की तैयारियां शुरू हो गई हैं।शुक्रवार को नगर आयुक्त अविनाश कुमार सिंह ने यहां अधिकारियों संग राप्ती नदी में चलने वाले स्टीमर बोट का ट्रायल लिया एवं टेंडर लेने वाली कंपनी को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
नगर आयुक्त अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि राप्ती नदी में जलस्तर कम होते ही नौकायन की शुरुआत कर दी जाएगी। नदी में एक किलोमीटर की लंबाई में स्पीड बोट जाएगी। मोटर बोट 500 सौ मीटर की लंबाई में जाएगी। मोटर बोट की सवारी के लिए 50 तो स्पीड बोट के लिए 100 रुपये देने होंगे। दो रेस्क्यू बोट भी पर्यटकों की मौजूदगी तक राप्ती नदी में रहेंगी। बिना लाइफ जैकेट किसी को भी नौका में नहीं बैठने दिया जाएगा। नगर निगम ने भोले वंदना प्राइवेट लिमिटेड को काम दिया है। राप्ती नदी में डबल डेकर क्रूज भी उतारने की योजना है। इसके लिए सौ रुपये लिए जाएंगे।
एक किलोमीटर की लंबाई में जेट स्की चलाने के लिए दो सौ रुपये लिए जाएंगे। शिकारा बोट भी संचालित की जाएगी। महायोगी गुरु गोरक्षनाथ घाट एवं श्री राम घाट के बीच नौकायन केंद्र का संचालन किया जाएगा। नगर निगम दोनों घाट पर फूड कोर्ट एवं छोटे बच्चों के लिए झूले एवं अन्य मनोरंजन के साधन उपलब्ध कराएगा। ताकि राप्ती नदी के घाट पर भी लोग रामगढ़ ताल की ही तरह घूमने आ सके। महापौर सीताराम जयसवाल ने कहा कि नगर निगम की ये पहल निश्चित रूप से आने वाले समय मे गोरखपुर के पर्यटन के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

