बलहीखोर गाँव के चकरोड पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव,
छानवीन मे लगी पुलिस
महराजगंज :
कोठीभार थाना क्षेत्र के बलहीखोर गांव के पश्चिम चकरोड के किनारे धान के खेत में आज सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। हालांकि शव के ज्यादा सड़ जाने से उसकी पहचान नहीं हो पा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि आज सुबह कुछ ग्रामीण खेत देखने के लिए बलहीखोर गांव के पश्चिम सिवान में गये थे। जहां एक चकरोड किनारे धान के खेत ने औंधे मुंह गिरे एक शव को देखा। जिसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी। जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटनास्थल पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने इसकी सूचना कोठीभार पुलिस को दी।
जहां पुलिस पहुंचकर शव को खेत से निकाल कर पहले ग्रामीणों से पहचान कराने की कोशिश किया लेकिन शव के ज्यादा सड़ जाने से उसकी पहचान नहीं हो सकी। जिसके बाद उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद सीओ सूर्यबली मौर्य ने कहा कि शव किसी अधेड़ उम्र के व्यक्ति का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मृत्यु के कारण का पता चल पाएगा। जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

