
सम्पत्ति की लालच में पौत्र ने की थी दादी की हत्या
अमूल्य रत्न न्यूज़ स्थानीय संवाददाता की रिपोर्ट
खोराबार के रामगढ़ उर्फ रजही में बुजुर्ग महिला की हत्या का खुलासा
आरोपित राजू निषाद को पुलिस ने बुढ़िया माई मंदिर के पास से पकड़ा
गोरखपुर – खोराबार थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामगढ़ उर्फ रजही में 70 साल की बुजुर्ग रजवंती देवी की हत्या किसी और ने नहीं उनके खुद के पौत्र ने संपत्ति की लालच में की थी। उसने सोते समय अपनी दादी का न सिर्फ गला दबाया बल्कि चाकू से प्रहार कर जान भी ली थी।
जांच में आरोपित का नाम प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने मंगलवार को बुढ़िया माई मंदिर के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि खोराबार इलाके के रामगढ़ उर्फ रजहीं के रहने वाले फल्ली निषाद उर्फ रावण निषाद की पत्नी रजवंती देवी (70 वर्षीय) 31 मई की सुबह घर में बिस्तर मृत मिली थीं। पूछताछ में जानकारी हुई उनकी 5 बेटिंयां और दो बेटा हैं।
जिनमें एक बेटा रमेश और उसकी पत्नी रीता की करीब एक साल पहले करंट से मौत हो चुकी है। जबकि दूसरे बेटे जवाहर की भी मौत हो चुकी है। घर में राजवंती और उनके पति फल्ली के अलावा बहू तारा देवी,पौत्र राजू,राजकुमार और नातीन संजू रहते हैं।
रजवंती के पास करीब एक बिगहा जमीन है। इसको लेकर परिवार में काफी दिनों से विवाद चल रहा है।उनकी एक बेटी मैना देवी की शादी शहर के रुस्तमपुर इलाके में हुई थी।
उसी बेटी ने रजवंती से 8 डिसमिल जमीन बैनामा करा लिया था। इसी बात को लेकर बहू और बेटियों से अक्सर लड़ाई होती रहती थी।
पुलिस ने इस मामले में फल्ली निषाद की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के आधार पर हत्या में रजवंती देवी के पौत्र राजू का नाम प्रकाश में आया।
पुलिस ने मंगलवार को बुढ़िया माता मन्दिर तिराहे के पास से राजू निषाद पुत्र स्व. जवाहर निषाद को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने बताया सम्पत्ति के मामले को लेकर उसने अपनी दादी की हत्या की है। उसे डर था कि उसकी दादी जिंदा रही तो सारी सम्पत्ति उसके बुआ के नाम कर देंगी।
एक सप्ताह पहले हुआ था विवाद…………..
एसपी सिटी ने बताया कि एक सप्ताह पहले जमीन बैनामा करने को लेकर रजवंती का उसकी अन्य बेटियों से विवाद हुआ था।
जिससे हत्या के बाद पुलिस को पहले उनपर शक हुआ। लेकिन उनकी भूमिका नहीं मिली।
दो अन्य ने भी हत्या में दिया है साथ……….
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी राजू ने बताया कि हत्या में उसका साथ दो अन्य लोगों एक बहनोई और एक दोस्त ने भी साथ दिया है।
राजू की फोन पर हत्या वाली रात दोनों से बात हुई है। पुलिस उन दोनों के भूमिका की जांच कर रही है।
एसपी सिटी ने बताया कि राजू का मोबाइल बरामद हुआ है। जिससे अन्य लोगों से बात हुई है। हत्या में उनके भूमिका की जांच की जा रही है।