*गोरखनाथ के आसपास की कॉलोनियों में दूर होगी जलभराव की समस्या*
*अमूल्य रत्न न्यूज़ संवाददाता गोरखपुर की रिपोर्ट*
*गोरखपुर*/मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब गोरखनाथ मंदिर के अगल-बगल और पीछे की कॉलोनियों से भी जलभराव की समस्या स्थायी रूप से दूर करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। बुधवार को जीडीए के एक्सईएन किशन सिंह एवं नगर निगम के जोनल अधिकारी/सहायक नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने रसूलपुर,अंधियारी बाग आदि मोहल्लों का निरीक्षण किया।
बरसात के समय ग्रीन सिटी, रसूलपुर,अजयनगर, अंधियारीबाग,सुभाषचंद्र बोस नगर,सूरजकुंड एवं सिधारीपुर आदि मोहल्लों में जलभराव हो गया था। ग्रीन सिटी एवं रसूलपुर में स्थिति काफी खराब थी। बरसात बीतने के बाद ग्रीन सिटी से जलभराव खत्म करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई। इसपर करीब 33 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। 10 किलोमीटर अंडरग्राउंड नालियां बनाई जाएंगी। आरसीसी सड़क का निर्माण होगा। आरपीएम स्कूल के पास नए पंपिंग स्टेशन का निर्माण होगा। इस प्रस्ताव को शासन की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही आदेश भी जारी कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ग्रीन सिटी के साथ रसूलपुर और अन्य मोहल्लों में भी जलनिकासी की व्यवस्था का निर्देश दिया। जीडीए उपाध्यक्ष प्रेमरंजन सिंह ने रसूलपुर और अन्य मोहल्लों में जलनिकासी की व्यवस्था के लिए कार्ययोजना का प्रस्ताव रखा। जिलाधिकारी ने भी इस पर सहमति दे दी है। जीडीए के एक्सईएन किशन सिंह द्वारा रसूलपुर, सूरजकुंड सहित आधा दर्जन मोहल्लों में जलनिकासी की कार्ययोजना बनाई जा रही है। बुधवार को उन्होंने नगर निगम के जोनल अधिकारी,पुराना गोरखपुर एवं अंधियारीबाग के पार्षदों के साथ इन मोहल्लों का निरीक्षण कर जलभराव वाले क्षेत्रों को देखा।

