*गोरखपुर में सीएम ने गुरुद्वारे पर मत्था टेका:मंदिर में दर्शन भी किए,रिपोर्ट-रमाकान्त जायसवाल*
~~~~~~~~~~~~~~~
गुरुद्वारा गली में डोर-टू-डोर कैंपेन किया; कहा- आज यूपी में परिवर्तन दिख रहा है
~~~~~~~~~~~~~~~
तीन दिनों के दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की सुबह मोहद्दीपुर में डोर-टू-डोर कैंपेन किया। मुख्यमंत्री ने पहले गोपाल मंदिर और फिर मोहद्दीपुर गुरुद्वारा में मत्था टेका। योगी ने यहां 4-5 घरों में जाकर डोर-टू-डोर कैंपेन किया। जिस इलाके में योगी ने कैंपेन किया वह सिख बाहुल्य बस्ती है। योगी ने लोगों से पहले की तरह ही जिताने की अपील की है। उन्होंने यहां एक नुक्कड़ सभा भी की।
इस दौरान योगी ने कहा कि यूपी में आज परिवर्तन देखने को मिल रहा है। प्रयास करने से सब कुछ हो सकता है। पहले यूपी के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। यूपी का गोरखपुर का कोई भी व्यक्ति बाहर जाता था तो उसको हेय दृष्टि से देखा जाता था। हमारा युवा हतोत्साहित था। लेकिन अब ऐसा नहीं है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पहले आप ने जैसे चुनाव जिताया। वैसे ही इस बार भी जिताएं। प्रदेश में जो सुरक्षा और विकास का अभियान चल रहा है। वह अनवरत बना रहना चाहिए। इसके लिए डबल इंजन सरकार जरूरी है। पिछली सरकारों ने सिर्फ अपने बारे में सोचा। समाज के बारे में नहीं सोचा। व्यापारियों तक को पलायन करना पड़ा था।
*सुबह से गोसेवा भी की*
इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन किया। समाधि पर माथा टेक आशीर्वाद लिया। उन्होंने गोशाला में गोसेवा भी की। हिन्दू सेवाश्रम में बनाए गए चुनाव कार्यालय के कार्यकर्ताओं को जरूरी दिशा निर्देश दिए। इसके बाद भाजपा की विधानसभा चुनाव से जुड़ी कोर कमेटी के साथ बैठक की।

