सर्राफा व्यवसाई के प्रतिष्ठान से लाखों की चोरी
नकब लगाकर 2 किलो चांदी, 20 ग्राम सोना ले गए चोर
कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र में कासगंज सोरों मार्ग पर ग्राम गोरहा पर सर्राफा व्यवसाई की दुकान में नकब लगाकर चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण पार कर दिए। सुबह घटना की जानकारी पर व्यापारियों ने आक्रोश व्यक्त किया है। पुलिस के साथ ही फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरु कर दी है।
कासगंज सोरों मार्ग पर स्थित ग्राम गोरहा में पंकज ज्वेलर्स की दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने नकब लगाकर दुकान में रखी अलमारी तोड़ ली। यहां से चोरों ने 2 किलो चांदी एवं 20 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह तब हुई।कासगंज के मोहल्ला मोहन गली काईस्थान निवासी पंकज सूर्यवंशी पुत्र सुरेंद्र सूर्यवंशी गोरहा पर सर्राफा की दुकान करते हैं।
जब दुकान संचालक पंकज सूर्यवंशी प्रतिष्ठान पर पहुंचे। दुकान खोलने के बाद उन्होंने अपना सामान तितर-बितर देखा। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश भारद्वाज, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरु कर दी है। आसपास के व्यापारियों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस अधिकारियों से घटना के जल्द खुलासे की मांग की है।

