*ए. आर न्यूज अलीगढ़ ब्रेकिंग दोपहर 1 बजे तक…*
*दिनांक-19-12-2021, दिन:रविवार*
🖊️ *डब्ल्यूएचओ ने कहा- डेढ़ से तीन दिनों में दोगुनी हो रही ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या*
भारत में ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। अब तक यह कुल 12 राज्यों में फैल चुका है। महाराष्ट्र 48 संक्रमितों के साथ पहले स्थान पर है वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली 22 संक्रमितों के साथ दूसरे स्थान पर है। राजस्थान में 17, कर्नाटक में 14, तेलंगाना में 20, गुजरात में 7, केरल में 11, उत्तर प्रदेश में दो, आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में एक-एक व्यक्ति में ओमिक्रॉन मिला है। वहीं ओमिक्रॉन की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए विशेषज्ञों ने फरवरी में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सबसे खराब स्थिति आएगी तो दैनिक एक लाख से अधिक मामले आने की संभावना है।
🖊️ *कोरोना एलर्ट:उत्तर प्रदेश में तीन महीने बाद एक दिन में मिले 33 कोरोना से संक्रमित, सबसे ज्यादा लखनऊ में 13 मरीज*
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण फिर बढ़ रहा है। तीन महीने बाद शनिवार को कोरोना से संक्रमित 33 नए मरीज मिले। इससे पहले इतने रोगी 14 सितंबर को मिले थे। सबसे ज्यादा 13 रोगी लखनऊ में मिले हैं। मुजफ्फरनगर में चार, गौतमबुद्ध नगर व वाराणसी तीन-तीन, प्रयागराज व रायबरेली में दो-दो और सहारनपुर, अलीगढ़, बरेली, कानपुर, जालौन व बागपत में एक-एक रोगी मिला है। वहीं आठ मरीज स्वस्थ हुए हैं और अब सक्रिय केस बढ़कर 189 हो गए हैं।फिलहाल दूसरे राज्यों व विदेश से आ रहे जो लोग कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं, उनके सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे जा रहे हैं। स्कूल व कालेजों में फोकस टेस्टिंग और बढ़ा दी गई है। बीते 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में 1.89 लाख लोगों की कोरोना जांच की गई और अब तक करीब 9.05 करोड़ लोगों का कोरोना टेस्ट कराया जा चुका है। प्रदेश में अब तक कुल 17.10 लाख लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं और इसमें से अब तक 16.87 लाख रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। रिकवरी रेट 98.6 प्रतिशत है।*
🖊️ *विधानसभा चुनाव-2022:अलीगढ़ में भाजपा से टिकिट मांगने वालों की लंबी कतार*
अलीगढ़ की सातों विधानसभा सीट पर भाजपा का महारथी बनकर कौन चुनाव मैदान में उतरेगा। यह तय होने में तो अभी समय है लेकिन दावेदारी करने वाले सक्रिय हो चले हैं। तमाम राजनीतिक पार्टियों में सबसे ज्यादा टिकट के दावेदार भाजपा में सामने आ रहे हैं। सात सीटों के लिए 100 से ज्यादा नाम सामने आ चुके हैं। होर्डिंग्स-फ्लैक्स की राजनीति जर्बदस्त तरीके से चल रही है। दावेदार पार्टी के मिस्ड कॉल अभियान से लेकर कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं। दावेदारों में युवा व महिलाओं से लेकर पार्टी के पुराने दिग्गज भी सक्रिय हैं।
किस सीट से कौन दावेदार
1- *शहर सीट* : वर्तमान विधायक संजीव राजा-दावेदार पूर्व मेयर आशुतोष वार्ष्णेय, अधिवक्ता पूनम बजाज, अनीता जैन, उपाध्यक्ष सुबोध स्वीटी, यतेन्द्र वाईके, महामंत्री मनीष राय,मनोज अग्रवाल(भट्टा वाले), संजय गोयल, मानव महाजन, डा. विभव वार्ष्णेय,इंजी. जगमोहन गुप्ता,व्यापारी नेता जयगोपाल वीआईपी,राजीव ख्यालीराम, विष्णु भैय्या, कृष्णा गुप्ता, पल्लवी नवमान, प्रीति वार्ष्णेय आदि।
2- *कोल सीट* : वर्तमान विधायक अनिल पाराशर-दावेदार पूर्व उपमेयर मुकेश उपाध्याय मांची,अन्नू आजाद,हितेन्द्र उपाध्याय बंटी, मुकुल उपाध्याय, इंजी. राजीव शर्मा, चंद्रमणि कौशिक,यतिन दीक्षित, डा. निशित शर्मा, राजेश भारद्वाज, जयदीप गौड़, मनोज शर्मा, नितुल भार्गव, राहुल सारस्वत, अविनाश गौड़, शिव नारायण शर्मा आदि।
3- *बरौली सीट* : वर्तमान विधायक दलवीर सिंह-दावेदार अभिमन्यु राज सिंह, अजय सिंह, हेमवंत सिंह चौहान, ठा. सुरेश सिंह, नरेन्द्र लोधी, गौरव शर्मा आदि।
4- *अतरौली सीट* : वर्तमान राज्यमंत्री व विधायक संदीप सिंह: दावेदार पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश लोधी।
5- *इगलास सीट* : वर्तमान विधायक राजकुमार सहयोगी-दावेदार अरुण फौजी,संजू बजाज, संदेश राज जीवन, पवन भीलवाड़ा,राहुल सिंह जाटव,हरिकिशन कोरी, सुनील निडर, राजीव सूर्यवंशी,भोला दिवाकर, श्वेता दिवाकर, सुरेन्द्र दिलेर, नाहर सिंह सूर्यवंशी, राजीव सूर्यवंशी आदि।
6- *खैर सीट* : वर्तमान विधायक अनूप बाल्मीकि-दावेदार पंकज पंवार,विक्रम जीनवाल,गजेंद्र सिंह नायक आदि
7- *छर्रा सीट* : वर्तमान विधायक रविन्द्र पाल सिंह-दावेदार क्षेत्रीय महामंत्री हेमंत राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष ठा. गोपाल सिंह,ठा. सुबोध सिंह, शल्यराज सिंह, प्रवीन राज सिंह, लखपत सिंह, ठा. भूपेंद्र सिंह, आदि।
इसके अलावा भी शहर की सातों सीटों पर कई दावेदार अंदरखाने टिकिट के लिए प्रयास कर रहे है उन लोगो का मानना है कि टिकिट मिल जायेगी तो तेजी से मतदाता पहुंचने की रणनीति बनायेगे और विजयश्री की पताका लहरायेंगे।
🖊️ *कोरोना एलर्ट: मार्च 2020 के बाद आज सबसे कम सक्रिय मामले, बीते 24 घंटे में 7081 मरीज, 264 की मौत*
ओमिक्रॉन के खतरे के बीच कोरोना के मामलों को लेकर एक राहत की खबर आई है।दरअसल, देश में अब 83,913 सक्रिय मरीज ही बचे हैं जो कि मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 7,081 मामले सामने आए हैं। वहीं इस दौरान 264 लोगों की मौत भी हो गई। हालांकि इस दौरान 7,469 लोग स्वस्थ भी हुए। वहीं देश में अब तक कुल 3,41,78,940 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं कुल मृतकों की संख्या की बात करें तो यह 4,77,422 हो गई है। देश में अब तक टीके की कुल 137 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं।
🖊️ *ओमिक्रोन एलर्ट:भारत में ओमिक्रोन के 30 नए मामले मिले, कुल केस 145 हुए, दिल्ली सरकार ने उठाया बड़ा कदम*
भारत में ओमिक्रोन वैरिएंट के मामले धीरे-धीरे बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार को 30 नए मामले सामने आए हैं। इनमें सबसे अधिक 12 मामले तेलंगाना में पाए गए।महाराष्ट्र में आठ, कर्नाटक में छह और केरल में चार नए मामले भी मिले। इसके साथ ही देश में अब तक सामने आए ओमिक्रोन के मामलों की संख्या 145 हो गई है। महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के 28 संक्रमित अब तक ठीक हो चुके हैं। ओमिक्रोन के खतरे को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर के स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया है। दिल्ली सरकार ने भी इस वैरिएंट को लेकर कदम उठाए हैं।केंद्र और राज्य सरकारों की तरफ से मिले आंकड़ों के मुताबिक अब तक 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में ओमिक्रोन के मामले मिल चुके हैं। इनमें महाराष्ट्र (48), दिल्ली (22), तेलंगाना (20), राजस्थान (17), कर्नाटक (14), केरल (11), गुजरात (7), उत्तर प्रदेश (2), आंध्र प्रदेश (1), तमिलनाडु (1), बंगाल (1) और चंडीगढ़ (1) राज्य शामिल हैं।
🖊️ *सतर्कता:फेफड़ों में उतरा तो ज्यादा खतरनाक होगा ओमिक्रोन*
यूरोप में ओमिक्रोन संक्रमण तेजी से फैल रहा, वहीं भारत में भी खतरे की घंटी बज गई है। फरवरी 2022 तक कोरोना संक्रमण की नई लहर उठ सकती है।ओमिक्रोन वैरिएंट का असर ऊपरी श्वसन तंत्र यानी नाक और गले पर ज्यादा है, लेकिन यह फेफड़ों में भी उतरकर तबाही मचा सकता है। फिलहाल, ओमिक्रोन संक्रमण 1.5 से तीन दिन में दोगुना हो रहा है।सावधानी बरत कर ही इस वायरस से बचा जा सकता है। मास्क पहनकर ही घर से बाहर निकलें। मेरठ में दो संदिग्ध केस मिलने के बाद जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए सैंपल। स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है।सांस एवं छाती रोग विशेषज्ञ डा. वीरोत्तम तोमर का कहना है कि कोरोना की दूसरी लहर भी यूरोप के बाद भारत आई थी।ओमिक्रोन के सौ से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं। दिल्ली में दर्जनों नए मरीज चिह्नित किए गए हैं। विशेषज्ञों का दावा है कि संक्रमण की नई लहर जनवरी-फरवरी 2022 में तेजी पकड़ सकती है। मेडिकल कालेज के माइक्रोबायोलोजिस्ट डा. अमित गर्ग ने बताया कि आरएनए वायरस में म्यूटेशन होता रहता है, ऐसे में ओमिक्रोन आने वाले दिनों में ज्यादा खतरनाक बन सकता है या कमजोर पड़ जाएगा।सांस एवं छाती रोग विशेषज्ञ डा. वीरोत्तम तोमर का कहना है कि कोरोना की दूसरी लहर भी यूरोप के बाद भारत आई थी। ओमिक्रोन के सौ से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं। दिल्ली में दर्जनों नए मरीज चिह्नित किए गए हैं। विशेषज्ञों का दावा है कि संक्रमण की नई लहर जनवरी-फरवरी 2022 में तेजी पकड़ सकती है। मेडिकल कालेज के माइक्रोबायोलोजिस्ट डा. अमित गर्ग ने बताया कि आरएनए वायरस में म्यूटेशन होता रहता है, ऐसे में ओमिक्रोन आने वाले दिनों में ज्यादा खतरनाक बन सकता है या कमजोर पड़ जाएगा।
🖊️ *कोरोना से लड़ने की तैयारी तेज, दिसंबर के अंत तक लक्ष्य के करीब पहुंचने पर जोर*
अलीगढ़ में 26.47 लाख लोगों को कोविड का टीका लगाने का लक्ष्य है। सभी लाभार्थियों को दो-दो डोज लगाई जानी है। 16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण अभियान में अब तक 33.49 लाख टीके लगाए जा चुके हैं। इसमें 22.38 लाख लोगों को पहली डोज व 11.30 लाख दूसरी डोज लगाई गई है। शासन ने निर्देश दिए हैं कि दिसंबर के अंत 90 प्रतिशत व 50 प्रतिशत डोज का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। इसके लिए समस्त जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी शरद अग्रवाल ने बताया निर्देश मिलें है कि माह दिसंबर के अंत तक कोविड संक्रमण के अधिक खतरे की आशंका वाले 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों को शत-प्रतिशत टीकाकरण किया जाए। अब तक 3.94 हजार टीके बुजुर्गों को लग चुके हैं। इसी तरह 45 से 59 आयु वर्ग के लोगों को प्रथम व द्वितीय डोज लगाई जाएगी।
🖊️ *ओमिक्रोन एलर्ट:ब्रिटेन में लाकडाउन की तैयारी, जानें ओमिक्रोन को रोकने के लिए किन यूरोपीय देशों ने लगाई सख्त पाबंदियां*
तेजी से फैल रहे ओमिक्रोन वैरिएंट को रोकने के लिए पूरे यूरोप में देशों ने सख्त पाबंदियां लगानी शुरू कर दी हैं। ब्रिटेन दो हफ्ते के लिए लाकडाउन लगाने की तैयारी में है तो नेपाल और दक्षिण कोरिया समेत कई अन्य देशों ने भी इस वैरिएंट को रोकने के लिए कई सख्त एहतियाती कदम उठाए हैं। फ्रांस और आस्ट्रिया में यात्रा संबंधी सख्त पाबंदियां लागू कर दी गई हैं।पेरिस में नए साल की पूर्व संध्या पर होने वाली आतिशबाजी को रद कर दिया गया है। डेनमार्क ने थियेटर, सिनेमा हाल, मनोरंजन पार्को को बंद करने के साथ ही पब और रेस्त्रां में लोगों की संख्या सीमित कर दी है। आयरलैंड ने पब और बार में रात आठ बजे के बाद कर्फ्यू लगाने यानी बंद करने का आदेश दिया है। खुले और बंद स्थानों पर होने वाले समारोहों में शामिल होने वाले लोगों की संख्या भी सीमित कर दी गई है।नीदरलैंड में भी एक विशेषज्ञ पैनल की सिफारिशों को लागू करने पर सरकार विचार कर रही है जिसमें आंशिक रूप से सख्त लाकडाउन लगाने को कहा गया है। हालांकि, पाबंदियों को लेकर फ्रांस समेत यूरोप के कुछ देशों में लोगों का विरोध भी शुरू हो गया है। ब्रिटेन में ओमिक्रोन समेत अन्य वैरिएंट की चेन को तोड़ने के लिए दो हफ्ते के लिए प्रतिबंधित लाकडाउन लगाने पर विचार किया जा रहा है। यहां पहले से ही सख्त पाबंदियां लागू हैं जहां बंद स्थानों पर मास्क पहनना और बड़े समारोहों और नाइट क्लब में जाने के लिए टीकाकरण या निगेटिव कोरोना जांच रिपोर्ट को अनिवार्य बनाया गया है।
🖊️ *नेताओं के रिश्तेदारों को भी मिलेगा टिकट, उपचुनावों से सबक लेकर भाजपा ने बदला जीत का फॉर्मूला?*
भाजपा हाल के उपचुनावों में अपनाया फॉर्मूला बदल सकती है। पार्टी ने विभिन्न राज्यों के 30 विधानसभा और लोकसभा के तीन उपचुनावों में बेटे, बेटियों व निकट परिजनों को टिकट न देने का फॉर्मूला अपनाया था।दरअसल,अगले साल की शुरुआत में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव होने हैं। उसमें कई क्षेत्रों में टिकटों में बदलाव भी संभावित है। ऐसे में वहां पर विभिन्न नेताओं के निकट परिजनों को टिकट न देने के फॉर्मूले पर कायम रहने का जोखिम पार्टी नहीं लेना चाहती है।पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती चार राज्यों में अपनी सत्ता को बरकरार रखना है। इसके अलावा पंजाब में उसे अपनी प्रभावी भूमिका भी कायम करनी है। पार्टी की इस समय उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में सरकार हैं। सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व इन राज्यों में 30 से 50 फीसदी तक बदलाव कर सकती है। इनमें कुछ नेता ऐसे भी हैं जो अपनी जगह अपने निकट परिजनों को टिकट दिलाना चाहते हैं। इनमें अधिकांश के परिजन पहले से ही राजनीति में सक्रिय हैं और पार्टी में काम भी कर रहे हैं। ऐसे में उनकी दावेदारी को एक फॉर्मूले के आधार पर नकारना मुश्किल होगा।
🖊️ *गन्ना विकास मंत्री को रोकने के एलान पर अलीगढ़ पुलिस अलर्ट*
अलीगढ़ में साथा चीनी मिल किसान संघर्ष मोर्चा की ओर से नुमाइश के उद्घाटन के लिए आ रहे प्रभारी मंत्री सुरेश राणा को रोकने के एलान के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। पुलिस की ओर से कल किसानों से बातचीत भी की गईं। सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त फोर्स भी लगाया गया। साथा चीनी मिल की नई यूनिट के लिए बजट की आस टूटने से किसानों में गुस्सा है। ऐसे में किसानों ने 19 दिसंबर को नुमाइश के उद्घाटन में आ रहे गन्ना मंत्री सुरेश राणा को जिले में न घुसने देने का एलान किया है। 20 दिसंबर से आंदोलन की चेतावनी भी दी है। हाईवे के रास्तों को जाम करने व दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर धरना देने की भी बात कही गई। इसे लेकर पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं। एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि किसानों से बातचीत की गई हैं। अतिरिक्त फोर्स लगाया गया है।
🖊️ *अलीगढ़ में विदेश से आए संक्रमित युवक के संपर्क में आए लोगों की जांच*
नाइजीरिया से आए कोरोना संक्रमित युवक के संपर्क में आए 37 लोगों की जांच की गई है। इनकी एंटीजन रिपार्ट निगेटिव आई है। आरटीपीसीआर की रिपोर्ट आज आने की उम्मीद है।शहर का 37 वर्षीय युवक 11 दिसंबर को नाइजीरिया से लौटा है। वह वहां नौकरी करता है। एक निजी लैब की जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उसके संपर्क में आए 37 लोगों की जांच की गई है। शनिवार को करीब 4400 लोगों की जांच की गई है।
🖊️ *सोशल मीडिया पर जनता से जुड़ेगा स्मार्ट सिटी, मिलेगा फीड बैक*
अलीगढ़ स्मार्ट सिटी के तहत शहर में हो रहे विकास कार्यों पर लोग अब आसानी से अपना फीडबैक दे सकेंगे। अहम बात तो यह है कि यह फीड बैक सीधे अधिकारी देखेंगे और तत्काल इस पर अमल किया जाएगा। इससे कार्यों पर गुणवत्ता के साथ अन्य प्रकार की जानकारी स्मार्ट सिटी प्रबंधन को मिल सकेगी।स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने इंटरनेट मीडिया पर अपना अकाउंट ओपन किया है। फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर स्मार्ट सिटी द्वारा कराए गए कार्यों के साथ ही शुरू होने वाली परियोजनओं और अन्य गतिविधियों की जानकारी मौजूद रहेगी। जिससे जुड़कर जनता सीधा प्रबंधन से संवाद कर सुझाव दे सकेगी। स्मार्ट सिटी के सीईओ गौरांग राठी ने बताया कि स्मार्ट सिटी के आनलाइन सक्रिय होने का उद्देश्य अलीगढ़ की जनता का फीडबैक भी लेना है। यह जानना है कि स्मार्ट सिटी परियोजनाओं से उन्हें कैसे लाभ हो रहा है, इसमें और क्या सुधार हो सकता है, विकास में वे कैसे योगदान दे सकते हैं।
🖊️ *कड़ाके की ठंड:पहाड़ों में बर्फबारी व बारिश के बाद दिल्ली और यूपी समेत मैदानी क्षेत्रों में बढ़ी ठंड*
भारत के अधिकांश क्षेत्रों में दिसंबर के तीसरे सप्ताहांत की शुरुआत कड़ाके की ठंड से हुई है। पहाड़ों से उतरी सर्दी ने देश की राजधानी दिल्ली से लेकर राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और बंगाल तक लोगों को कांपने पर विवश कर दिया है। बाक्स में रखी टोपियां और मफलर निकल आए हैं। शनिवार की सुबह जब घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के साथ हुई तो दिल्ली समेत अधिकांश राज्यों में लोगों ने बिस्तर में ही दुबके रहना बेहतर समझा। जो बाहर निकले, वह सिर और कान को मफलर या टोपी से ढककर ही निकले।राजधानी में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, लेकिन असली सितम ढाया तेज हवा ने। हवा से धूप भी बेअसर दिखी। लोग दिन में चौराहों पर अलाव और घरों में हीटर से हाथ सेंकते देखे गए। राजस्थान के फतेहपुर में तापमान माइनस 3.8 डिग्री सेल्सियस, माउंट आबू में माइनस तीन और चुरु में माइनस 1.1 डिग्री तक पहुंच गया। माउंट आबू और फतेहपुर में तो खुले क्षेत्रों में हल्की बर्फ भी जम गई।
🖊️ *नुमाइश में सभी दुकानदारों की होगी कोविड जांच, लगेगी वैक्सीन*
गंगा-जमुनी तहजीब की प्रतीक अलीगढ़ की ऐतिहासिक राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी (अलीगढ़ महोत्सव/नुमाइश) उद्घाटन रविवार यानी कल होगा। पिछले साल की तरह इस बार भी कोविड को लेकर नियम सख्त हैं। नुमाइश प्रशासन ने तय किया है कि प्रत्येक दुकानदार का समय-समय पर कोविड टेस्ट होगा। इसके अलावा जिन लोगों को वैक्सीन नहीं लगी है, उनको वैक्सीन भी निशुल्क लगाई जाएगी।कोविड वायरस के नये रूप ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए नुमाइश प्रशासन की ओर से यह फैसले लिए गए हैं। प्रदर्शनी प्रभारी/सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा ने बताया कि कोविड को लेकर सभी तरह से एहतियात बरता जा रहा है। प्रत्येक दुकान पर मास्क और सैनिटाइजर आवश्यक है। लोगों से अपील है कि वह मास्क पहनकर ही नुमाइश में आएं। इसके अलावा कोविड जांच और कोविड वैक्सीनेशन की व्यवस्था भी नुमाइश में की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का अपना एक कैंप रहेगा। किसी भी आपात स्थिति के लिए यहां एंबुलेंस से लेकर दम और अस्थाई चिकित्सा कक्ष भी बनाया गया है।
🖊️ *एडीए की टीम ने क्वार्सी थाना क्षेत्र में तीन अवैध निर्माण किये सील*
अवैध निर्माणों के खिलाफ अलीगढ़ विकास प्राधिकरण का अभियान जारी है।एडीए टीम ने क्वार्सी थाना क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए किए गए तीन अवैध निर्माण को सील किया।अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में प्राधिकरण टीम ने नगला पटवारी में शाहिद अली व महमूद अली द्वारा 400 वर्ग गज में किए गए अवैध निर्माण को सीज किया। इसके बाद टीम ने अनूपशहर रोड पर गुलिस्ता कॉलोनी में मोहम्मद खालिद द्वारा 600 वर्ग गज में किए गए अवैध निर्माण को सील किया। महेशपुर में ग्रीनपार्क कॉलोनी में जफर मोहम्मद द्वारा 250 वर्गगज में हुए निर्माण को सील कर दिया। इससे पूर्व शुक्रवार को गांव हैबतपुर, हैबतपुर रोड पर 300 वर्ग गज में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए गए दो मंजिल का निर्माण सील किया गया था। इसके बाद मो.अकरम द्वारा ग्राम सिकंदरपुर छेरत अनूपशहर रोड पर गुफरान के फ्लैट के समीप 700 वर्ग मीटर क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए बेसमेंट व चार मंजिल का निर्माण, छेरत अनूपशहर रोड पर एक हजार वर्ग गज के आधे भाग में बेसमेंट व दो मंजिल का निर्माण, अनूपशहर रोड पर पेट्रोल पंप के समीप 300 वर्ग मीटर में बिना नक्शा पास हुए किये गए अवैध निर्माणों को सील किया था।
🖊️ *जज्बा फाउंडेशन ने जरूरतमंदों को दिए कंबल*
अलीगढ़ जज्बा फाउण्डेशन के पदाधिकारियों ने शनिवार को खैर रोड इंदिरा नगर मंदिर के पास एक लॉज में जरूरतमंदों को कंबल बांटे। संचालन फाउंडेशन के सह सचिव हसीन खान ने किया। मुख्य अतिथि उप नगर आयुक्त राज किशोर, विशिष्ठ अतिथि शहर मुफ्ती मो. खालिद हमीद, डॉ. रेहान अख़्तर ने कार्यक्रम को सराहा। डा. नदीम अशरफ,फाउंडेशन सचिव डा. स्वालेहीन अख़्तर, डा. मो. शोएब, जीशान सैफी, मो. साजिद, मो. उमैर, अधिवक्ता शादमा परवीन आदि मौजूद रहे।
🖊️ *मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन, हर जिले से ली जाएगी अहेरिया जाति के लोगों की जानकारी*
अपनी जाति को आरक्षण सूची में शामिल करने की मांग को लेकर दो दिन पहले दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक रोककर आंदोलन करने वाले अहेरिया समाज के प्रतिनिधि मंडल ने कल शाम को लखनऊ में मुलाकात की। सीएम ने अहेरिया समाज की मांगों को लेकर रिपोर्ट तैयार कराने के आश्वासन दिया है।गुरुवार को अहेरिया समाज के हजारों लोगों ने हाथरस-टूंडला स्टेशन के बीच पोर स्टेशन के पास ट्रैक पर कब्जा कर लिया था। 8 घंटे तक ट्रैक बाधित रखा गया।
🖊️ *एएमयू में पुष्प प्रदर्शनी : रंग-बिरंगे फूलों की मुश्क से गुलजार गुलिस्तान-ए-सैयद*
एएमयू के लैंड एंड गार्डन विभाग की ओर से गुलिस्तान-ए-सैयद में कल दो दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। इसका उद्धाटन कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने किया। गुलदाउदी, कोलियस व गुलाब के रंग-बिरंगे फूलों की मुश्क (महक) से गुलिस्तान-ए-सैयद गुलजार हो गया। विभिन्न श्रेणियों में 781 फूलों की प्रविष्टियां शामिल की गई हैं। 19 दिसंबर को दोपहर तीन बजे प्रविष्टियों में से विजेताओं का चयन कर पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन किया जाएगा।लैंड एंड गार्डन विभाग के मेंबर इंचार्ज प्रो. जकी अहमद सिद्दीकी ने बताया कि ए श्रेणी में गुलाब की 63 प्रविष्टियां, बी श्रेणी में गमलों में सजाए गए फूलों की 76 प्रविष्टियां, सी श्रेणी में 227 प्रकार के कोलियस शामिल हैं। जबकि डी श्रेणी में 90 गुलदाउदी शामिल हैं। जी श्रेणी में सजावटी फूलों की 224 प्रविष्टियां हैं। प्रदर्शनी में कुल 781 फूलों की प्रविष्टियां शामिल की गई हैं। बताया कि वाइस चांसलर लाज, पीवीसी लाज, रजिस्ट्रार लाज, एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लाक, वीजी नर्सरी, सर सैयद हाउस, एसएस हाल मस्जिद, एसएस हाल साउथ, गेस्ट हाउस नंबर एक, दो व तीन के अलावा रसायन विज्ञान विभाग, धर्मशास्त्र विभाग, जेडएच कालेज आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलाजी, कैनेडी हाल, गुलिस्तान-ए-सैयद, अल बरकत पब्लिक स्कूल, बेगम अजीजुल निसा हाल, आइजी हाल और नाजिया नोएडा की प्रवष्टियां पुष्प प्रदर्शनी में शामिल की गई हैं। बताया कि गमले वाले पौधे व फूल 20 दिसंबर को दोपहर 1.30 बजे खरीद के लिए उपलब्ध होंगे।
*ए.आर न्यूज*।
*👉10 नम्बर बोरिंग गोरखनाथ गोरखपुर*
*सुमन वर्मा*
*ए आर न्यूज अलीगढ़*
*9415500658*
*7398413258*

