*गोरखपुर सेंट एंड्रयूज कॉलेज में आपत्तिजनक हालत में मिले छात्र- छात्रा*
*प्रोफेसर ने लगाई फटकार तो कॉलेज से बाहर निकलते ही कर दिया हमला कार भी तो डाला
उत्तर प्रदेश ! गोरखपुर में सेंट एंड्रयूज कॉलेज में छात्र- छात्रा को आपत्तिजनक हालत में पकड़ना एक प्रोफेसर को महंगा पड़ गया। शनिवार को कार से घर जा रहे प्रोफेसर पर बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया और उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रोफेसर डॉ अनुग्रह तिवारी ने कैंट पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर हैं अनुग्रह तिवारी
डॉ. अनुग्रह तिवारी शहर के सबसे पुराने सेंट एंड्रयूज पीजी कॉलेज में अंग्रेजी के एसोसिएट प्रोफेसर हैं। वह शनिवार की दोपहर क्लास लेने जा रहे थे तभी उन्होंने कॉलेज परिसर में एक छात्र और छात्रा को आपत्तिजनक हालत में देखा और उन्हें फटकार लगा डाली। उस समय वे दोनों कॉलेज से बाहर चले गए। लेकिन शाम करीब 3 बजे जब अपनी कार से प्रोफेसर घर जा रहे थे तभी छात्रसंघ चौराहे के पास वही युवक अपने साथ दो साथियों को लेकर बाइक से आया और उन्हें रोक लिया। तीनो युवकों ने उनसे मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, इसके बाद युवकों ने डंडे व पत्थर से मारकर प्रोफेसर की कार को क्षतिग्रस्त भी कर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
वहीं, पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन अज्ञात युवकों पर मारपीट व गाड़ी क्षतिग्रस्त करने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर युवकों की तलाश में जुटी है। कैंट इंस्पेक्टर शशिभूषण राय ने कहा कि प्रोफेसर की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। बताए गए बाइक नंबर के माध्यम से युवकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

