दिव्यांगजनों के लिए सुनहरा अवसर: 1 अगस्त को लगेगा निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण परीक्षण शिविर
स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
*मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, कृत्रिम अंग सहित कई उपकरण मिलेंगे मुफ्त, यूडीआईडी कार्ड अनिवार्य*
महराजगंज। भारत सरकार की एडिप (ADIP) योजना के तहत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) द्वारा जनपद के दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 1 अगस्त 2026 (शनिवार) को विशेष परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर विकास खंड परिसर सदर में प्रातः 10 बजे से कार्य समाप्ति तक आयोजित होगा।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अभय पाण्डेय ने बताया कि शिविर में पात्र दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यकता के अनुसार मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, हियरिंग एड, प्रोस्थेटिक लिम्ब (कृत्रिम अंग) सहित विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिविर में वही दिव्यांगजन पात्र होंगे, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों में भारत सरकार, राज्य सरकार अथवा किसी अन्य सरकारी या गैर-सरकारी संस्था से इस प्रकार का कोई सहायक उपकरण प्राप्त नहीं किया है।
ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
शिविर में शामिल होने वाले दिव्यांगजनों को अपने साथ निम्नलिखित अभिलेख लाना अनिवार्य होगा—
आधार कार्ड
मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जारी यूडीआईडी (UDID) कार्ड
सभी स्रोतों से 22,500 रुपये प्रतिमाह से कम आय का आय प्रमाण-पत्र
यूडीआईडी कार्ड के बिना नहीं मिलेगा लाभ
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि एडिप योजना का लाभ लेने के लिए यूडीआईडी कार्ड अनिवार्य है। जिन दिव्यांगजनों का अभी तक यूडीआईडी कार्ड नहीं बना है, वे शीघ्र स्वावलंबन पोर्टल पर आवेदन कर सोमवार अथवा गुरुवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय, महराजगंज में आयोजित दिव्यांग बोर्ड के समक्ष उपस्थित होकर अपना यूडीआईडी कार्ड बनवा लें। बिना यूडीआईडी कार्ड के योजना का लाभ नहीं दिया जा सकेगा।
उन्होंने जनपद के सभी पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में परीक्षण शिविर में पहुंचकर भारत सरकार की इस महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाएं।

