बखिरा थाने की कमान संभालेंगे उमाशंकर त्रिपाठी
संतकबीरनगर, संवाददाता : पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उपनिरीक्षक उमाशंकर त्रिपाठी को बखिरा थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी तैनाती से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
उमाशंकर त्रिपाठी अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग में विशेष पहचान रखते हैं। पूर्व तैनाती के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण अभियानों का सफल संचालन करते हुए वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध गतिविधियों पर अंकुश तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
पदभार ग्रहण करने के बाद थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी ने कहा कि थाना क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जाएगा। आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना और जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। वहीं, उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में बखिरा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराधियों में पुलिस का भय कायम रहेगा।

