मैं 41 साल की हो गई और मैं शादी करना चाहती हूं लेकिन मेरे घर वाले शादी नहीं कर रहे हैं।
कहीं से रिश्ता आता है तो मेरा भाई और भाभी इनकार कर देते हैं। कहते हैं पैसे खर्च होंगे।
जबकि जमीन लिखवा लेते हैं।
यह कहना है प्रयागराज की एक युवती का, जिसने अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सरायइनायत थाने में तहरीर दी है।
युवती ने अपने माता-पिता, भाई बहन पर FIR दर्ज करने के साथ ही अधिकारियों से शादी कराने की गुहार लगाई है।
माधुरी पटेल (41 साल) सरायइनायत थाना क्षेत्र के मनापुर उर्फ बगईकला गांव की रहने वाली है।
माधुरी ने सरायइनायत थाने में तहरीर देकर कहा- मैं 20 साल से घर में अकेले रह रही हूं।
मेरे माता-पिता ने पारिवारिक कारणों से मुझे घर से अलग कर दिया है।
पिता रामराज पटेल, माता बिमला देवी, भाई राजेन्द्र पटेल, भाभी पूनम पटेल और बहन विद्या पटेल मेरे साथ गालीगलौज करने के साथ मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं।
परिवार के लोग मेरे साथ मारपीट करते हैं।
युवती ने कहा- मेरी उम्र 41 साल हो गई है लेकिन मेरे मां-बाप ने मेरी शादी नहीं की।
बल्कि शादी के लिए मुझे ही दोषी ठहराते हैं।
मैंने कभी अपनी शादी से इंकार नहीं किया है।
तहरीर में युवती ने पुलिस से गुहार लगाई है।
उसने कहा- मेरी शादी किसी अच्छे लड़के से करा दी जाए।
जिससे मैं सम्मानपूर्वक जीवन जी सकूं।
माधुरी ने कहा- मैं पिछले 20 साल से अकेली रह रही हूं लेकिन परिवार ने मेरी किसी प्रकार से आर्थिक मदद नहीं की।
उसे कभी खाने-पीने की चीज नहीं दी गई।
मैं खुद एक स्कूल में पढ़ाकर, कपड़ों की दुकान, ब्यूटी पार्लर में काम करके अपना जीवनयापन कर रही हूं।
माधुरी ने कहा- 27 अप्रैल को मैं घर में नहा रही थी तभी मेरे पिता रामराज पटेल, माता विमला देवी, भाई राजेन्द्र पटेल, भाभी पूनम पटेल और बहन विद्या पटेल कमरे में घुस आए और मेरे साथ मारपीट की।
मुझे पांचों ने जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद मैं किसी तरह से बचकर भागी।

