*परीक्षार्थियों के लिए दौड़ी राहत की रेल: प्रयागराज मंडल ने एग्जाम स्पेशल ट्रेनों से आसान किया सफर,व्यवस्थाओं की मिसाल पेश*
स्थानीय संवाददाता……
वाराणसी। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों के लिए सराहनीय पहल करते हुए विशेष इंतजाम किए। बढ़ती भीड़ और परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंडल प्रशासन ने एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का सफल संचालन किया, जिससे आवागमन सुगम और व्यवस्थित बना रहा।
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में पूरी व्यवस्था को सुनियोजित ढंग से लागू किया गया। प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर और प्रवेश-निकास द्वारों पर विशेष प्रबंध किए गए। साथ ही मंडल स्तर पर बने वार रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी गई, जिससे भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर पूरी पकड़ बनी रही।
चलायी गई एग्जाम स्पेशल ट्रेनों में—
कानपुर सेंट्रल से 13:12 बजे रवाना हुई ट्रेन (12 कोच) में लगभग 1800 यात्रियों ने सफर किया
18:15 बजे चली दूसरी ट्रेन (21 कोच) में भी करीब 1800 यात्री शामिल हुए। वहीं 18:30 बजे कानपुर सेंट्रल से लखनऊ के लिए चली विशेष ट्रेन (12 कोच) में भी लगभग 1800 परीक्षार्थियों ने यात्रा की।
परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सहायता के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों को स्टेशनों और ट्रेनों में तैनात किया गया। वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों, टिकट जांच स्टाफ और हेल्प डेस्क कर्मियों ने भी यात्रियों को मार्गदर्शन और जरूरी जानकारी देकर बड़ी भूमिका निभाई। भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता और सुचारु यातायात के लिए अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार सूचनाएं दी जाती रहीं, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। रेलवे प्रशासन का यह प्रयास न केवल व्यवस्थाओं की उत्कृष्ट मिसाल बना, बल्कि यह भी साबित करता है कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर अभ्यर्थियों को तनावमुक्त और सुविधाजनक यात्रा देना उनकी प्राथमिकता है। यह एग्जाम स्पेशल सेवा वास्तव में हजारों युवाओं के सपनों को सही समय पर मंजिल तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनी।

