प्रेम संबंध के लिए पति की सुपारी! पत्नी ने 10 लाख में करवाई हत्या की साजिश, बाल-बाल बचा पति
कड़प्पा, आंध्र प्रदेश से सनसनीखेज मामला
स्थानीय संवाददाता…….
आंध्र प्रदेश के कड़प्पा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या की साजिश रच डाली।
मिली जानकारी के अनुसार, शिल्पा रेड्डी नाम की महिला की शादी ईश्वर रेड्डी से हुई थी। शिल्पा एक अस्पताल में काम करती थी। इसी दौरान उसका परिचय नागा सुधीर नाम के युवक से हुआ और दोनों के बीच अवैध संबंध शुरू हो गए।
जब इस रिश्ते की भनक ईश्वर रेड्डी को लगी, तो उसने पत्नी से सवाल-जवाब किए। इससे नाराज होकर शिल्पा और उसके प्रेमी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश बना डाली।
बताया जा रहा है कि शिल्पा ने करीब 14 तोला सोना बेचकर लगभग 10 लाख रुपये का इंतजाम किया और पेशेवर अपराधियों को सुपारी दी।
फिल्मी अंदाज में हमला, लेकिन बच गई जान
आरोपियों ने ईश्वर रेड्डी की रेकी की और मौका पाकर प्रोड्डटूर बाईपास रोड पर हमला कर दिया। उस समय ईश्वर बाइक से जा रहा था।
हमलावरों ने पहले कार से टक्कर मारने की कोशिश की, फिर चाकुओं से हमला करने का प्रयास किया। हालांकि, ईश्वर किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और सीधे पुलिस स्टेशन पहुंच गया।
FIR के बाद बड़ा खुलासा, 9 आरोपी गिरफ्तार
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिल्पा रेड्डी, उसके प्रेमी नागा सुधीर समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

