नेपाल बस हादसा: सेमरा में मातम, विधायक ने संभाली पीड़ितों की हिम्मत
महराजगंज, 25 अप्रैल।
जनपद के सेमरा ग्राम सभा से 23 अप्रैल को नेपाल के प्यूठान जिले में धार्मिक यात्रा पर गए श्रद्धालुओं से भरी बस के भीषण हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक महिला और एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया और घायलों को तत्काल गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही सेमरा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम हो उठी।
इसी बीच सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पहले बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि किसी भी घायल के इलाज में कोई कमी न रहने पाए।
शनिवार को विधायक सेमरा राजा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। गमगीन माहौल के बीच उन्होंने कहा कि यह हादसा पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है और इस दुख की घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
विधायक ने उन घायलों से भी मुलाकात की जो इलाज के बाद घर लौट आए हैं। उन्होंने प्रीति, शिवांश, अंकित, नरेश और सल्हंता देवी समेत अन्य लोगों का हाल जाना। विशेष रूप से कोटेदार अरविंद, जिनकी कमर में गंभीर चोट आई है और जिन पर बस का पहिया चढ़ गया था, उनके इलाज को लेकर विधायक ने जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों से बात कर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने के लिए प्रशासन से समन्वय किया जा रहा है।
गांव में विधायक के पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। पूरे माहौल में गहरा दुख और सन्नाटा पसरा रहा। लोग अब भी इस भयावह हादसे से उबर नहीं पाए हैं।
इस मौके पर वरिष्ठ नेता व व्यवसायी मानवेंद्र सिंह, ओम प्रकाश कुशवाहा, राकेश अग्रहरी, राजेंद्र प्रजापति, पूर्व प्रधान अजय पटेल, प्रमोद मौर्य और विनय चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

