हाइवे पर भीषण टक्कर, सात घायल; वाहन से गांजा मिलने से मचा हड़कंप
फोटो
लंभुआ, सुलतानपुर।लखनऊ-वाराणसी फोरलेन पर नगर पंचायत क्षेत्र के बेदूपारा बाईपास के पास बीती रात करीब साढ़े दस बजे दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर में सात लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाराणसी की ओर से लखनऊ जा रही एक एक्सयूवी कार का एक्सल अचानक टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया। इसी दौरान अयोध्या से वाराणसी जा रही एक इनोवा कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में इनोवा सवार आंध्र प्रदेश के काकीनाडा क्षेत्र के आर साईं राम, कृष्णा प्रसाद, रामादेवी, सत्य कृष्णा, बी. देवी, मोनिका और एम. साईं तेजस्वी समेत पांच लोग घायल हो गए। वहीं एक्सयूवी में सवार लखनऊ के राजाजीपुरम निवासी अभिषेक कुमार और हर्ष कुमार भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इसी दौरान दुर्घटनाग्रस्त एक्सयूवी से भारी मात्रा में गांजा के पैकेट सड़क पर बिखर गए, जिसे लेकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी सड़क पर बिखरे गांजा के पैकेट समेटते नजर आ रहे हैं।
हालांकि कोतवाली प्रभारी धीरज कुमार ने सड़क दुर्घटना की पुष्टि की है, लेकिन गांजा बरामदगी के मामले में उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि फिलहाल इस संबंध में न तो कोई तहरीर मिली है और न ही मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच करने की बात कह रही है।