बिहार के वैशाली जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कर्ज के दबाव में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना गोरौल थाना क्षेत्र के राजखंड गांव की है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप
मचा है.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है.
मृतका की पहचान 30 वर्षीय दुर्गा देवी के रूप में हुई है।
मृतका के पति का नाम पवन महतो है. बताया जा रहा है कि दुर्गा देवी ने कैशपार माइक्रो क्रेडिट फाइनेंस से करीब एक लाख रुपये का लोन लिया था।
उनके पति पवन महतो पटना में सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
दंपति के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां हैं.
परिजनों ने लगाए फाइनेंस कंपनी पर आरोप
परिजनों का आरोप है कि माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों द्वारा लगातार किस्त जमा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इतना ही नहीं, आरोप है कि पहले भी कंपनी के कर्मी महिला के घर से घरेलू सामान ले गए थे और उसका मोबाइल फोन भी छीन ले गए थे।
परिवार का कहना है कि फाइनेंस कर्मियों ने महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और यहां तक कह दिया कि मर जाओगी तो पैसा माफ हो जाएगा।
इसी मानसिक दबाव के चलते महिला ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया.
ग्रामीणों ने कर दी कंपनी कर्मचारी की पिटाई
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कंपनी के एक कर्मचारी अरविंद कुमार यादव को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। हालांकि कर्मचारी का कहना है कि वह मौके पर नहीं था और उसके साथ बेवजह मारपीट की गई।
जिस कर्मी को लोगो ने पकड़ा था उसने बताया कि ब्रांच की मैनेजर सुबह महिला के यहाँ आई थी।
लेकिन उन्होंने महिला से क्या कहा इसकी जानकारी नहीं है.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया।
फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल की जांच की.
पुलिस ने मृतका की मां के बयान पर सास, ससुर और पति समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
साथ ही दो बैंक कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है और एक बाइक जब्त की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

