संतकबीरनगर में 85 लाख की अवैध अफीम खेती का भंडाफोड़, 68.7 किग्रा पौधों के साथ आरोपी गिरफ्तार
#संतकबीरनगर, 27 फरवरी 2026। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम गंगौली में छापेमारी कर लगभग 85 लाख रुपये मूल्य की अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मौके से 68.7 किलोग्राम हरे अफीम के पौधे (जड़, फल व फूल सहित) बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार की उपस्थिति में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दूबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
पुलिस के अनुसार 26 फरवरी 2026 को सायं 5:50 बजे थाना कोतवाली खलीलाबाद को सूचना मिली कि ग्राम गंगौली में एक व्यक्ति अपने मकान के पीछे बाउंड्री के भीतर हरे रंग के संदिग्ध पौधे काटकर इकट्ठा किए हुए है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मो. वकील पुत्र स्व. मंसबदार निवासी गंगौली, थाना कोतवाली खलीलाबाद को उसके मकान से सटे खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से 68.7 किलोग्राम अफीम के हरे पौधे बरामद किए, जिनमें जड़, फल और फूल शामिल थे। बरामद पौधों की अनुमानित कीमत लगभग 85 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में किया जुर्म कबूल
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से अफीम की बुआई की थी। वह फसल तैयार होने के बाद उसे बेचने की फिराक में था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस अवैध खेती के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
इस संबंध में थाना कोतवाली खलीलाबाद में मु0अ0सं0 120/2026 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी कर माननीय न्यायालय रवाना कर दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहना
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे के साथ उपनिरीक्षक रामअवध यादव, उपनिरीक्षक लालबिहारी निषाद, हेड कांस्टेबल पप्पू सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार, कांस्टेबल प्रदीप पटेल, कांस्टेबल प्रशांत विक्रम सिंह एवं कांस्टेबल रघुवंश प्रसाद शामिल रहे।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा, ताकि समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।

