बस्ती में 20 लाख की मोबाइल चोरी का खुलासा : स्वाट-सर्विलांस व लालगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 3 गिरफ्तार
बस्ती। थाना लालगंज एवं स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मोबाइल दुकान में हुई लगभग 20 लाख रुपये की चोरी का सफल अनावरण करते हुए पुलिस ने शत-प्रतिशत बरामदगी कर तीन अभियुक्तों (एक बाल अपचारी सहित) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।
ज्ञात हो कि 23/24 फरवरी 2026 की रात थाना लालगंज क्षेत्र के पाकरडाड़ स्थित गूगल वर्ल्ड मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने महंगे मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। इस संबंध में थाना लालगंज पर मु0अ0सं0 41/2026 धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक लालगंज संजय कुमार एवं प्रभारी स्वाट/सर्विलांस टीम उ0नि0 शेषनाथ यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सक्रियता दिखाते हुए 26 फरवरी को तेनुआ मोड़ के पास से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 56 अदद एंड्रॉयड मोबाइल (आईफोन, वीवो, ओप्पो, आईक्यू आदि), 21 कीपैड मोबाइल, एक चोरी की TVS राइडर बाइक, 5 साड़ियां एवं 1150 रुपये नकद बरामद किए गए।
रेकी कर वारदात को दिया अंजाम
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि 23 फरवरी को दिन में दुकान की रेकी की गई थी। रात में बाइक से पहुंचकर रॉड से शटर का ताला तोड़ा गया और महंगे मोबाइल बोरे में भर लिए गए। जाते समय वायर कटर से सीसीटीवी के तार काटकर डीवीआर भी साथ ले गए, जिसे बाद में कुआनो नदी में फेंक दिया। चोरी के मोबाइल गेहूं के खेत में छिपाए गए थे और उन्हें गोरखपुर में बेचने की तैयारी थी, तभी पुलिस ने धर दबोचा।
चोरी की मोटरसाइकिल के संबंध में अभियुक्तों ने बताया कि इसे 15 दिन पूर्व बस्ती कचहरी क्षेत्र से चुराया गया था। वहीं बरामद साड़ियों के संबंध में बताया कि महादेवा के आगे एक मकान का ताला तोड़कर चोरी की गई थी।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. अभिषेक निगम पुत्र सूबेदार, निवासी तिसाह, थाना कलवारी, उम्र 21 वर्ष
2. प्रशांत पाल पुत्र सूर्य प्रकाश पाल, निवासी तेनुआ, थाना लालगंज, उम्र 20 वर्ष
3. एक बाल अपचारी
गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक निगम पर पूर्व में गैंगेस्टर एक्ट सहित दो दर्जन से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं, जबकि प्रशांत पाल पर भी कई आपराधिक मामले पंजीकृत हैं।
इस कार्रवाई से थाना लालगंज के अतिरिक्त थाना कोतवाली में दर्ज अन्य संबंधित मुकदमों का भी अनावरण हुआ है।
संयुक्त पुलिस टीम की सक्रियता सराहनीय
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, उ0नि0 शेषनाथ यादव, उ0नि0 अनन्त कुमार मिश्र, उ0नि0 देवव्रत शर्मा, हे0का0 रमेश यादव, पवन त्रिपाठी सहित थाना लालगंज, स्वाट व सर्विलांस सेल के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम की सराहना करते हुए कहा गया कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और जनपद में कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

