महिला कांस्टेबल के उत्पीड़न आरोपों पर कोतवाल लाइन हाजिर, 24 घंटे में गिरी गाज
– खबर का हुआ असर
बस्ती। जनपद बस्ती की कोतवाली में तैनात कोतवाल दिनेश चंद्र चौधरी पर एक महिला कांस्टेबल द्वारा अभद्र भाषा के प्रयोग एवं उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। प्रकरण सामने आते ही विभागीय स्तर पर त्वरित संज्ञान लिया गया और महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए संबंधित कोतवाल को पुलिस लाइन स्थित प्रभारी त्रिनेत्र सेल भेज दिया गया।
पीड़ित महिला कांस्टेबल मेनका चौहान के अनुसार, वह अपनी अस्वस्थ माता की देखभाल हेतु अवकाश का अनुरोध लेकर कोतवाल के समक्ष प्रस्तुत हुई थीं। आरोप है कि अवकाश प्रदान करने के बजाय उनके साथ अपमानजनक एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हुईं।
मेनका चौहान ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित अधिकारी महिला पुलिस कर्मियों के साथ अनुचित व्यवहार करते हैं तथा जो उनके निर्देशों के अनुरूप कार्य नहीं करता, उसे प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। वहीं, उनके कथनानुसार कार्य करने वालों को विशेष सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं न्याय की मांग की थी। एसपी बस्ती ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए और प्राथमिक जांच के उपरांत कोतवाल दिनेश चंद्र चौधरी को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थित प्रभारी त्रिनेत्र सेल में संबद्ध कर दिया।

