पटना की रहने वाली महिला पश्चिम बंगाल के रेड लाइट एरिया से मिली है।
वो 8 महीने पहले पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने के लिए घर से निकली थी।
पटना जंक्शन पहुंची लेकिन बॉयफ्रेंड ने धोखा दे दिया और वो वहां नहीं पहुंचा।
पटना जंक्शन पर भटक रही इस महिला की एक युवक से मुलाकात हुई।
उसने उसे बंगाल में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और वहां ले जाकर 2 लाख में रेड लाइट एरिया में बेच दिया।
8 महीने बाद एक कस्टमर ने उसकी मदद की और वो फिर से पटना लौट आई।
महिला ने बताया, ‘एक दिन सोशल मीडिया के जरिए एक लड़के से मेरी दोस्ती हुई।
पहले चैट पर हमलोग बात करते थे, लेकिन एक दिन उसने मेरा मोबाइल नंबर मांगा। मैं भी उस पर भरोसा करने लगी थी।
इसलिए अपना मोबाइल नंबर दे दिया।
‘ ‘उसके बाद हम दोनों की अक्सर बात होने लगी।
उसने मुझे प्रपोज किया, मैंने भी हामी भर दी।
अब हम दोनों की बात घंटों-घंटों होने लगी।’
‘ये बात मेरी पति को पता चल गई थी।
मेरे पति ने इसका बहुत विरोध किया।
लेकिन मैं प्रेमी के साथ ही रहना चाहती थी।
8 महीना पहले मेरे प्रेमी ने कहा, चलो हम दोनों भाग जाते हैं।
मैं भी तैयार हो गई।’
नौकरी का झांसा देकर बंगाल के कोठे पर बेचा
मुझे पता चल चुका था कि प्रेमी ने मुझे धोखा दे दिया है।
मैं परेशान होकर स्टेशन पर इधर, उधर घूमती रही।
तभी एक लड़का मेरे पास आया। उसने मुझ से मेरी परेशानी पूछी पहले तो मैं बताने से कतराती रही।
लेकिन फिर उसे सबकुछ बता दिया।
महिला का कहना है कि, ‘वो मुझे कार से पटना से बंगाल ले गया। वो रास्ते भर मुझे ये समझाता रहा कि, आज के वक्त में नौकरी बहुत मुश्किल है।
लेकिन मैं तुम्हारे रहने और नौकरी का इंतजाम कर दूंगा।’
‘उसने एक भीड़-भाड़ वाले इलाके में गाड़ी रुकवाई और मुझे एक घर में ले गया।
वहां पहले से कई लड़कियां मौजूद थीं।
उसने कहा कि, 2 दिन तुम रहीं रहो। मैं नौकरी और रहने का इंतजाम करके तुम्हें लेने आऊंगा।
मैं मान गई।’
2 लाख में मेरा सौदा किया
‘वो लड़का जैसे ही वहां से गया।
घर के मालिक ने मेरे साथ गलत व्यवहार करना शुरू कर दिया। उसने मुझे बताया कि तुम अब बिक चुकी है।
‘ ‘वो लड़का तुम्हें 2 लाख में बेच कर गया है।
ये कोठा है।
तुम्हें अब लोगों को खुश करना है।
मैं दंग रह गई।
लेकिन मेरे पास वहां से निकलने का कोई रास्ता नहीं था।’
रोज नए लोग मेरे कमरे में आते थे
महिला का कहना है, ‘मेरे कमरे में रोज नए लोग आते थे।
मैं उनकी अपनी दिक्कत बताती थी।
लेकिन नशे में वो कुछ भी सुनने को तैयार नहीं होते थे।’
‘मैंने कई कस्टमर से कहा कि एक बार मेरी पति से बात करवा दो, लेकिन कोई तैयार नहीं होता था।
सब बस अपनी जरूरत पूरी करते और कमरे से निकल जाते।’
2 अक्टूबर को पति के नंबर पर आया कॉल
महिला ने बताया कि, ‘एक दिन मेरे पास एक लड़का आया।
मैंने उसे अपनी पूरी कहानी बताई।
पहले दिन तो उसने मुझ पर भरोसा नहीं किया।
लेकिन दूसरी रात वो फिर मेरे कमरे में आया।’
‘मैंने रोते हुए उससे कहा कि, बस एक बार मेरे पति से बात करवा दो। वो लड़का तैयार हो गया।
2 अक्टूबर को उसने मेरे सामने पति को फोन किया और कहा कि आपकी पत्नी पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के एक कोठे में कैद है।’
पुलिस ने कस्टमर की मदद से रेस्क्यू किया
पति ने तुरंत मनेर थाना से संपर्क किया और पुलिस को वह नंबर उपलब्ध कराया।
6 अक्टूबर को मनेर थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने उस कस्टमर से संपर्क किया।
पुलिस ने कस्टमर से कहा कि वो फिर से उस कोठे पर जाए और महिला से वीडियो कॉल पर बात कराए।
वो लड़का फिर से महिला के पास पहुंचा और पुलिस की वीडियो कॉल पर महिला से बात कराई।
पुलिस ने महिला का पूरा लोकेशन पता किया।
इसके बाद मनेर थाना की एक टीम पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो गई।
रेड लाइट एरिया में छापेमारी की और महिला को वहां से लेकर पटना आ गई।

