गोरखपुर में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने करीमनगर स्थित एक तीन मंजिला मकान में छापेमारी कर विदेशी नागरिकों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह के पांच अभियुक्तों और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 28 लैपटॉप, दो राउटर, 37 हेडफोन, 17 माउस, 22 लैपटॉप चार्जर, सात मोबाइल फोन, छह चेक बुक, तीन पासबुक, एक पासपोर्ट, आधार कार्ड सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
एसपी नॉर्थ ने पुलिस लाइन के व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों को विदेश में बैठे एक व्यक्ति द्वारा स्क्रिप्ट दी जाती थी, जिसके जरिए वे अपना नाम जॉन, जॉर्ज, लेविस और क्लार्क बताकर लोगों से संपर्क करते थे।
कॉल में रुचि दिखाने पर कॉल को यूएस की कंपनियों को ट्रांसफर कर दिया जाता थाl जहां से साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था। गिरोह के चार अन्य आरोपी फरार हैं,
जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं।
पुलिस और साइबर टीम आरोपियों के बैंक खातों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया गया और कितनी रकम की ठगी की गई।

