BPSC टीचर की एकतरफा प्यार में हत्या:
बहन बोली- प्रपोजल ठुकराने पर साथी शिक्षक ने मारा, दूसरी लड़की से शादी कर चुका था
‘1 साल से उसके स्कूल का एक टीचर रंजीत परेशान कर रहा था। एकतरफा प्यार में मेरी बहन पर शादी का दबाव बनाता था, लेकिन मेरी बहन ने उसे साफ शादी करने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद 3 महीने पहले उसने दूसरी लड़की से शादी की। शादी के बाद वो अलग-अलग तरीके से मेरी बहन को परेशान कर रहा था। शिवानी की हत्या का पूरा शक रंजीत पर है।’
ये कहना ने बीपीएससी टीचर शिवानी की बहन जूली कुमारी का। अररिया में बुधवार की सुबह 9 बजे टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। टीचर शिवानी वर्मा उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी। वह अररिया जिले के नरपतगंज स्थित एक सरकारी स्कूल में पढ़ाती थी।
पुलिस ने शिवानी के परिजनों के बयान पर फिर दर्ज की है। इसके बाद गुरुवार को आरोपी रंजीत को उसके घर से सुबह 11 बजे अरेस्ट किया है।
घटना के बारे में जानने के लिए हिंदुस्तानी न्यूज़ की टीम जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर उसके किराए वाले मकान पर पहुंची। वहां पर हमारी मुलाकात शिवानी के मकान मालिक से हुई। उन्होंने शिवानी के बारे में सारी बातें बताईं
साथ पढ़ाने वाले टीचर ने बहन को प्रपोज किया था…
शिवानी की बड़ी बहन जूली ने बताया कि, ‘2023 में हम तीन बहनों का ट्रे-1 में एग्जाम क्लियर हुआ था। इसी दौरान मुझे पटना, दूसरे नंबर वाली बहन ज्योति को समस्तीपुर और तीसरे नंबर पर शिवानी थी।
इसकी अररिया में 2 साल पहले पोस्टिंग हुई थी। हम तीनों बहनें अक्सर एक-दूसरे मिलने रविवार को आ जाते थे। वो हर बात हम दोनों बहनों से शेयर करती थी। उसे यूपीएससी निकालना था, इसलिए स्कूल के बाद वो उसकी तैयारी करती थी।
साल 2023 में जब शिवानी इस स्कूल में आई तो यहां पर मौजूद रंजीत नाम के टीचर ने उसे प्रपोज किया, लेकिन शिवानी ने उसे उसी समय मना कर दिया था। शिवानी ने रंजीत से कहा, मैं यूपीएससी क्लियर करना चाहती थी।
अभी मुझे पढ़ना है, शादी के लिए बहुत टाइम है। इसके बावजूद रंजीत नहीं समझा। वो स्कूल में हर दिन शिवानी से किसी न किसी बहाने से बात करता था।
ये सिलसिला करीब 1 साल तक चला, इसके बाद रंजीत ने अभी से कुछ महीने पहले दूसरी लड़की से शादी कर ली। 2-3 महीने तक वो ठीक रहा।
इसके बाद फिर से वो वही हरकतें करना शुरू कर दिया था।
शिवानी को तंग करने के लिए वो कभी बाइक से उसपर धूल उड़ाया करता था, तो कभी कुछ और हरकतें करता था।’
रीजैक्शन बरदाश्त नहीं हुआ, इसलिए करवा दी हत्या
बहन ने आगे बताया कि, रंजीत को रीजैक्शन बरदाश्त नहीं हुआ होगा, इसलिए उसने मेरी बहन की हत्या की है। रंजीत को लगा होगा कि उसपर शक नहीं जाएगा, क्योंकि वो अब शादीशुदा हो गया है, लेकिन उसने ही मेरी बहन को मार डाला है।
इसमें मेरी बहन के स्कूल के प्रिंसिपल उमेश कुशवाहा का भी हाथ है। जब हमलोगों ने रंजीत के बारे में उन्हें शिकायत की तो वो उसे बचाते नजर आए थे। उन्होंने रंजीत के बारे में थाने में शिकायत करवाने से भी रोक दिया था।
प्रिंसिपल भी करवा सकते हैं मेरी बहन का मर्डर
बहन ने आगे बताया, कुछ दिनों पहले मेरी बहन ने प्रिंसिपल से एसएल (स्पेशल लीव) मांगी थी, लेकिन उन्होंने देने से मना कर दिया था। उनका कहना था ये सभी को नहीं मिलता है। इस मामले को लेकर हम लोग डियो के पास शिकायत लेकर पहुंचे थे।
इसको लेकर प्रिंसिपल को डियो ने फटकार भी लगाया था। ये मामला मीडिया में भी आया था। इस वजह से हेडमास्टर के इमेज पर धक्का भी लगा था। इसका बदला लेने के लिए वो भी मेरी बहन की हत्या करवा सकते हैं।
7 महीने से उसके घर ना कोई लड़का आया ना लड़की
शिवानी की लैंडलॉर्ड वीणा देवी ने बताया, मई 2025 से वो हमारे यहां रेंट पर रह रही थी। उसका स्कूल यहां से 4केएम दूर था। जहां पर वो पहले रहती थी, वो उसके स्कूल से करीब 10केएम दूर पड़ता था। इसी वजह से उसने रूम चेंज किया था।
7 महीने से हम लोग उसे देख रहे हैं। वो सुबह 8.30 बजे स्कूल जाने के लिए निकलती थी। हम लोगों को अच्छे से राधे-राधे बोलकर जाती थी। इसके बाद शाम 5 बजे वो घर आ जाती थी। फिर वो घर से कहीं बाहर नहीं निकलती थी।
फोन पर ज्यादा बात भी नहीं करती थी
वीणा देवी ने आगे बताया, कभी-कभी मैं उसे अपने यहां खाने पर बुलाती थी। इसपर वो कहती थी, आंटी आप लोग ब्राह्मण हैं। वृंदावन से दीक्षा लिए हुए हैं। आप लोगों से काम नहीं करवाऊंगी।
वो बहुत ही अच्छी लड़की थी। किसी से फोन पर भी बात नहीं करती थी। स्कूल से आने के बाद वो खाना खाकर पढ़ने के लिए बैठ जाती थी।
हर दिन हम लोगों से बात करती थी
मकान मालिक मधुकांत मलिक ने बताया, हम पति-पत्नी हर दिन दुकान पर बैठे रहते थे जब वो स्कूल से वापस आया करती थी। हमेशा राधे-राधे अंकल कहकर 10 मिनट तक हमसे बात करती थी। इसके बाद अपने रूम पर जाती और खाना खाकर पढ़ने बैठ जाया करती थी।
बुधवार को हमारी मुलाकात शिवानी की बड़ी बहन जूली से हुई। वो सदर अस्पताल में अपनी बहन की बॉडी लेने आई थी।
हत्या के विरोध में लोगों ने निकाला कैंडिल मार्च
जिला पार्षद सबा ने बताया, 3 दिसंबर को अररिया में बीपीएससी महिला टीचर की हत्या हो गई। हम सारी महिलाएं-पुरुष इसको लेकर कैंडिल मार्च निकाल रहे हैं। हमारी सरकार से यही मांग है कि हत्यारे को फांसी की सजा दी जाए। क्योंकि अगर इन्हें सजा नहीं मिली तो हम भी कभी अब यहां पर सेफ फील नहीं कर पाएंगे।
बता दें कि बुधवार की सुबह करीब 8:30 बजे शिवानी स्कूटी से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
खेत में काम रहे किसान सुधीर यादव ने बताया
कि वो स्कूटी से जा रही थीं। तभी बाइक से 2 लड़के आए और पास से गोली मार कर भाग गए। गोली लगते ही वो जमीन पर गिर पड़ी।
इसके बाद मैंने आसपास के लोगों को बुलाया और सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से अररिया सदर अस्पताल 70 किमी दूर है।
एसपी बोले- जल्दी आरोपियों की गिरफ्तारी होगी
वहीं, अररिया एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि कटहल बारी विद्यालय में एक शिक्षिका थी जो यूपी की रहने वाली थी। वो फारबिसगंज में रहती थी। डेली स्कूल आती-जाती थी।
इसी क्रम में आज सुबह जब वो स्कूल जा रही थी खवदा पंचायत में मंदिर के पास बदमाशों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।

