*यूपी भाजपा अध्यक्ष का नाम दिल्ली से फाइनल,सहमति बनाने के लिए लखनऊ में योगी-संघ की बैठक*
लखनऊ…….
भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में पार्टी अध्यक्ष के नाम की घोषणा जल्द कर सकती है।
खबर है कि पार्टी नेतृत्व ने यूपी भाजपा अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगा दी है।
साथ ही अंतिम सहमति के लिए नाम राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने पेश किया गया है, लेकिन इसे लेकर भाजपा ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।
संभावनाएं जताई जा रही हैं इस महीने बड़ी घोषणा हो सकती है।
मिली जानकारी अनुसार सोमवार को राजधानी लखनऊ में कई बड़ी बैठकें हुई हैं।
बैठक में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से चुने हुए नाम पर चर्चा की गई।
सूत्रों के मुताबिक पहले सह सरकार्यवाह अरुण कुमार और भाजपा महासचिव बीएल संतोष ने संघ के पदाधिकारियों के साथ एक होटल में बैठक की थी।
बाद में सीएम आवास में एक और बड़ी बैठक हुई।
बैठक में सीएम योगी,संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी और भाजपा के अन्य शीर्ष नेता को केंद्रीय नेतृत्व के फैसले के बारे में जानकारी दी गई।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक,यूपी भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और प्रदेश महासचिव धर्मपाल सिंह भी शामिल रहे।
अब तक साफ नहीं हो सका है कि योगी और संघ की मुलाकात में नाम पर अंतिम सहमति जताई गई या नहीं।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने किस नेता को चुना है, इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक हाल ही में दिल्ली में हुई मीटिंग में 9 उम्मीदवारों के नाम पर विचार किया गया था।
इनमें 3 ब्राह्मण, 3 अन्य पिछड़ा वर्ग और 3 दलित समुदायों से थे।
संभावनाएं जताई जा रही हैं कि भाजपा इस महीने यूपी भाजपा अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर सकती है।
सूत्रों के मुताबिक रेस में ब्राह्मण चेहरा राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, हरीश द्विवेदी,ओबीसी नेता और योगी सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, दलित नेता रामशंकर कठेरिया, विद्या सोनकर का नाम है।

