*गजब:वरमाला के बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन,बेरंग वापस लौटी बारात*
उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है।यहां शनिवार देर रात पुरवा पुलिस थाने क्षेत्र के एक गांव में शादी के दौरान दूल्हे को वरमाला पहनाने के बाद दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।फिलहाल मामले में दूल्हा पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
*दूल्हे को पहनाई वरमाला,हो गई फरार*
मिली जानकारी के अजयपुर गांव में एक बारात पहुंची थी, जहां दूल्हा और दुल्हन पक्ष के परिवारों ने पारंपरिक द्वार चार और अन्य रस्में पूरी कीं।दूल्हा-दुल्हन ने रिवाज के मुताबिक एक-दूसरे को वरमाला पहनायी।इसके तुरंत बाद दुल्हन अपने कमरे में चली गई और दूल्हे का परिवार दूसरी तैयारियों में व्यस्त हो गया।बाद में जब परिवार के सदस्य फेरे की रस्म के लिए दुल्हन को बुलाने के लिए गए तो वह कमरे में नहीं मिली। काफी ढूंढने के बाद भी वह नहीं मिली तो बाद में परिवारों को जानकारी मिली कि एक स्थानीय युवक दुल्हन को अपने साथ ले गया है।
*पिता से फोन पर हुई बात*
दुल्हन के पिता ने उस लड़के से फ़ोन पर बात की, जिसके बाद दुल्हन ने खुद अपने पिता से बात की,उसने अपने प्रेमी के साथ रहने और उससे शादी करने की इच्छा जताई।इस घटनाक्रम से स्तब्ध दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई और दूल्हे पक्ष के लोगों को खाली हाथ ही वहां से लौटना पड़ा। दुल्हन के पिता ने पुरवा पुलिस थाने में उसके प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।पुलिस इस मामले की जांच रही है।

