नए आपराधिक कानूनों की गूंज गांव-गांव तक — निचलौल क्षेत्राधिकारी ने बैठवलिया में बढ़ाई कानूनी जागरूकता
 
महराजगंज,थाना निचलौल क्षेत्र के ग्राम बैठवलिया में कल क्षेत्राधिकारी निचलौल की अध्यक्षता में एक विशेष कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को देश के नए आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) — के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी निचलौल ने कहा कि BNS और BNSS के लागू होने से भारत की न्याय प्रणाली में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। इन कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाना है। उन्होंने बताया कि अब अपराध की परिभाषा, दंड प्रक्रिया और पुलिस की कार्यप्रणाली में कई बदलाव किए गए हैं, जो आम जनता के हित में हैं।
थाना प्रभारी निचलौल ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नए कानून महिलाओं, बच्चियों और कमजोर वर्गों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाते हैं। उन्होंने बताया कि अब पीड़ितों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया सरल और समयबद्ध होगी। साथ ही, उन्होंने ग्रामीणों को नए कानूनों के अंतर्गत उपलब्ध अधिकारों, शिकायत निवारण प्रणाली और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में गांव की महिलाएं, बच्चियां और पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने नए कानूनों को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक उत्तर दिया। अंत में क्षेत्राधिकारी निचलौल ने ग्रामीणों से अपील की कि वे इन नए कानूनों की जानकारी अपने आसपास के लोगों तक पहुँचाएँ।
                    
                    