महराजगंज: रात में नो एंट्री से सीमा पर दोनों ओर फंसे रहे दर्जनों यात्री
महराजगंज,17 महीने बाद इंडो-नेपाल सीमा खुलने से दोनों ओर के पर्यटकों की संख्या बढ़ती जा रही है लेकिन रात में सीमा बन्द होने से देर से पहुंचे और नेटवर्क न होने से ऑनलाइन डाटा न दिखा पाने वाले पर्यटक सीमा पर फंस जा रहे हैं। बुधवार की रात भारत व नेपाल दोनों ओर के दर्जनों पर्यटकों को एंट्री नहीं मिली और वे रात भर सीमा पर ही फंसे रहे।
कोविड काल से सीमा पर पहली बार रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पैदल आवाजाही पर भी रोक लगी है। भारत-नेपाल सीमा पर मालवाहकों के लिए सुबह 6 से रात 10 बजे तक आवाजाही में छूट है। यही वजह है कि रात में देर से पहुचने वालों को रोक दिया जा रहा है। टूर एंड ट्रैवेल्स संघ बेलहिया के अध्यक्ष श्रीचंद गुप्ता का कहना है कि पर्यटकों को पहले 24 घंटे की आवाजाही की पैदल छूट मिलती थी। उस नियम को फिर से लागू किया जाए।
नेपाल भारत अवध मैत्री समाज के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा रात में पैदल यात्रियों को भी रोक दिया जा रहा है जबकि दोनों देशों की इमीग्रेशन 24 घंटे खुली रहती है।
सिद्धार्थ होटल एसोसिएशन रुपनदेही के अध्यक्ष सीपी श्रेष्ठ का कहना है कि भारतीय पर्यटक नेपाल आने के क्रम में रिपोर्ट कार्ड दस्तावेजों की हार्ड कॉपी भी रखें। क्योंकि नेटवर्क न रहने से ऑनलाइन दस्तावेज दिखाने में दिक्कत आ रही है। तमाम लोगों की एंट्री रुक जा रही है।

