शहर में तेज धमाके के साथ फटा एयर सिलेंडर, इलाके में फैली दहशत
चाचा से विवाद के चलते भतीजे ने लगाई टायर पंचर की दुकान में आग
कासगंज। शहर के निकट नगला भूड में चाचा भतीजे के बीच विवाद को लेकर गुस्साए भतीजे ने टायर की दुकान में आग लगा दी। जिससे तेज धमाके के साथ एयर टैंक के परखच्चे उड़ गये। नाइट्रोजन गैस के टैंक के टुकड़े काफी दूर तक जा गिरे। पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।गांव के निवासी विजय सिंह पुत्र दरियाव सिंह एवं उसका चाचा ईश्वरी प्रसाद पुत्र नैनसुख लाल विगत तीन वर्ष पूर्व से साझे मे टायर मरम्मत की दुकान करते आ रहे थे। पिछले एक वर्ष से दोनों में विवाद हो गया।चाचा ने दुकान छोड़ दी। जबकि भतीजा लगातार दुकान संचालित करता रहा। सोमवार की दोपहर चाचा दुकान पर आया। उसने दुकान पर मौजूद इंजन को अपना बताते हुए ले जाने का प्रयास किया।इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। भतीजे ने दुकान में आग लगा दी। फलस्वरूप दुकान में रखा सभी सामान जलकर खाक हो गया यही मौजूद एयर सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली। जोरदार धमाके के साथ उसके परखच्चे उड़ गए।इलाके में ग्रामीणों के बीच दहशत फैल गई। दुकान में करीब एक लाख की क्षति हुई है। जानकारी पर पहुंची पुलिस एवं दमकल ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से आग बुझाई। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है।आवास विकास चौकी इंचार्ज विक्रम सिंह ने बताया है कि जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी है। दोनों पक्षो के लोगो पर कार्रवाई की जाएगी।

