शादी के अगले दिन बहुभोज में दूल्हे की मौत, दुल्हन के साथ फोटो खिंचवाते समय मंच पर गिर पड़े
कटिहार:……..
बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। फलका प्रखंड के पोठिया बाजार में शादी के अगले ही दिन बहुभोज के दौरान दूल्हे की अचानक मौत हो गई।
नई जिंदगी की शुरुआत के अगले ही दिन घर में खुशियों की जगह मातम पसर गया।
घटना से परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं।
मृतक की पहचान पोठिया बाजार के वार्ड नंबर-3 निवासी दशरथ यादव के 36 वर्षीय बेटे पवन कुमार यादव के रूप में हुई है। पवन आयुष चिकित्सक थे और पटना में कार्यरत थे। उनकी शादी 25 नवंबर को चांदपुर पंचायत निवासी अशोक कुमार यादव की बेटी प्रीति कुमारी से हुई थी।
शादी के अगले दिन यानी 26 नवंबर को घर पर बहुभोज का आयोजन किया गया था। इसमें सैकड़ों मेहमान शामिल हुए थे। गुरुवार रात करीब 10 बजे पवन अपनी नई-नवेली दुल्हन के साथ मंच पर फोटो खिंचवा रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वे मंच पर ही गिर पड़े।
परिजन आनन-फानन में उन्हें फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां चीख-पुकार मच गई।
लड़की पक्ष ने बीमारी छिपाने का लगाया आरोप
घटना के बाद लड़की पक्ष के परिजनों ने आरोप लगाया कि पवन के दिल का ऑपरेशन करीब छह महीने पहले हुआ था। उनका कहना है कि इस बीमारी की जानकारी छिपाकर शादी कराई गई। लड़की पक्ष ने शादी में दहेज के रूप में मोटी रकम लेने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
तीन भाइयों में एक थे पवन
परिजनों के अनुसार, पवन तीन भाइयों में से एक थे। उनके बड़े भाई श्रवण यादव सेना में कार्यरत हैं, जबकि दूसरे भाई चंदन यादव कृषि सलाहकार हैं। पवन की अचानक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नई-नवेली दुल्हन प्रीति का रो-रोकर बुरा हाल है।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद पोठिया बाजार और चांदपुर गांव में शोक का माहौल है।

