#गीडा की कमान से संतकबीरनगर की जिम्मेदारी तक… कौन हैं नई डीएम अनुज मलिक?
#संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद जिले को नई जिलाधिकारी मिली हैं। 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अनुज मलिक को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी से हटाकर संतकबीरनगर का जिलाधिकारी नियुक्त किया
गया है। उनके स्थान पर अब जिले की प्रशासनिक कमान संभालने की नई पारी शुरू होगी।
अनुज मलिक का प्रशासनिक सफर उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों और संस्थानों से होकर गुजरा है। सार्वजनिक सेवा-रिकॉर्ड के अनुसार वह 2017 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की अधिकारी हैं और संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से आईएएस बनीं। उनकी शैक्षिक पृष्ठभूमि तकनीकी शिक्षा से जुड़ी है। वो बीटेक डिग्रीधारी हैं.आईएएस सेवा के शुरुआती दौर में उन्होंने प्रशिक्षण के बाद वाराणसी में असिस्टेंट कलेक्टर एवं असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद गोरखपुर क्षेत्र में संयुक्त मजिस्ट्रेट और एसडीएम के रूप में भी काम किया। प्रशासनिक अनुभव बढ़ने के साथ उन्हें कुशीनगर में मुख्य विकास अधिकारी की जिम्मेदारी मिली। यहां विकास योजनाओं, सरकारी कार्यक्रमों और जिला स्तरीय प्रशासन से जुड़े कार्यों का अनुभव हासिल हुआ।
इसके बाद अनुज मलिक गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनीं। औद्योगिक क्षेत्र की जिम्मेदारी संभालते हुए उद्यमियों की समस्याओं, औद्योगिक गतिविधियों और निवेश से जुड़े प्रशासनिक मामलों पर काम किया। अब शासन ने उन्हें एक अलग तरह की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है—संतकबीरनगर जैसे जिले की समग्र प्रशासनिक कमान।
संतकबीरनगर में नई जिलाधिकारी के सामने विकास योजनाओं की निगरानी, राजस्व एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में प्रशासनिक समन्वय, जनशिकायतों का निस्तारण, सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जिले में चल रही परियोजनाओं की गति बनाए रखना प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल होगा।
अनुज मलिक की नई तैनाती इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पड़ोसी जनपद महराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल से उनका वैवाहिक संबंध है। इससे पहले भी दोनों अधिकारियों की तैनाती गोरखपुर क्षेत्र में चर्चा का विषय रही है। हालांकि प्रशासनिक दृष्टि से दोनों की जिम्मेदारियां अलग-अलग जिलों की हैं।
अब संतकबीरनगर की निगाहें नई जिलाधिकारी पर हैं। गीडा जैसे औद्योगिक संस्थान के अनुभव के बाद जिले की प्रशासनिक कमान संभालने वाली अनुज मलिक के कार्यकाल में विकास, जनसुनवाई, प्रशासनिक दक्षता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर खास नजर रहेगी।
MYogiAdityanath #UPGovernment

