जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह से मिले लोक न्याय एवं मानवाधिकार संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार उपाध्याय, विराट दंगल प्रतियोगिता में आने का दिया आमंत्रण
बलिया। लोक न्याय एवं मानवाधिकार संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार उपाध्याय ने आज सायंकाल जनपद बलिया के जिलाधिकारी श्री ज्ञानेंद्र सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने तिवारी क्लब, बाँसडीह द्वारा आयोजित होने वाली विराट दंगल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने के लिए जिलाधिकारी को सादर आमंत्रित किया।
उल्लेखनीय है कि तिवारी क्लब, बाँसडीह के तत्वावधान में आगामी 12 नवंबर 2026, दिन गुरुवार को प्रातः 10 बजे से फतेहसागर का पोखरा में विराट दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भारत केसरी, उत्तर प्रदेश केसरी, पूर्वांचल केसरी सहित विभिन्न जनपदों के प्रतिष्ठित पहलवान अपनी कुश्ती कला एवं दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
शिष्टाचार भेंट के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार उपाध्याय ने जिलाधिकारी को कार्यक्रम की रूपरेखा एवं आयोजन के उद्देश्य से अवगत कराते हुए पारंपरिक भारतीय कुश्ती और ग्रामीण खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए दूरभाष के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति प्रदान की। उनकी सहमति से आयोजन समिति एवं तिवारी क्लब परिवार में उत्साह का माहौल है।
आयोजकों का मानना है कि जिलाधिकारी की उपस्थिति से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होगा तथा क्षेत्र में पारंपरिक कुश्ती और खेल प्रतिभाओं को एक नई पहचान एवं प्रोत्साहन मिलेगा।
तिवारी क्लब परिवार ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों से विराट दंगल प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

