भोर में टला बड़ा सड़क हादसा: प्रयागराज जा रही रोडवेज बस गड्ढे में उतरी, 15 यात्रियों की सांसें थमीं
*चालक की सूझबूझ और ग्रामीणों की तत्परता से सभी यात्री सुरक्षित, दूसरी बस से किया गया रवाना*
*स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज। महराजगंज-परतावल मार्ग पर रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब निचलौल डिपो की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई। घटना भिटौली थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव के समीप सुबह करीब पांच बजे हुई। बस प्रयागराज जा रही थी और उसमें चालक-परिचालक सहित कुल 15 यात्री सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के अचानक सड़क से नीचे उतरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
राहत की बात यह रही कि बस पलटी नहीं। चालक करुणानिधान ने सूझबूझ और संयम का परिचय देते हुए वाहन को संभाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
महराजगंज डिपो के एआरएम सर्वजीत वर्मा ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद दूसरी बस की व्यवस्था कर यात्रियों को गोरखपुर भेज दिया गया, जहां से वे अपने गंतव्य प्रयागराज के लिए रवाना होंगे। विभाग द्वारा घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली। समय रहते बस के नियंत्रित हो जाने से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

