मुर्गी फार्म पर तेंदुए की दस्तक से मचा हड़कंप, वन विभाग की मुस्तैदी से टला बड़ा खतरा
*कटहरा गांव में तेंदुआ दिखने से दहशत, वन विभाग की सक्रियता के बाद सुरक्षित जंगल की ओर लौटा वन्यजीव
*
स्थानीय संवाददाता – कैलाश सिंह महाराजगंज
महराजगंज। पकड़ी रेंज के अंतर्गत सोहागीबरवा वन्यजीव प्रभाग के कटहरा सेक्शन स्थित ग्राम कटहरा में रविवार को एक मुर्गी फार्म पर तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।
वन क्षेत्राधिकारी के निर्देशन में पहुंची टीम ने पूरे क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया और एहतियात के तौर पर ग्रामीणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा मौके पर भीड़ न लगाने की अपील की। वन कर्मियों ने लगातार निगरानी और आवश्यक प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप तेंदुआ बिना किसी अप्रिय घटना के सुरक्षित जंगल की ओर लौट गया।
राहत की बात यह रही कि पूरे अभियान के दौरान न तो किसी व्यक्ति को कोई नुकसान पहुंचा और न ही वन्यजीव को किसी प्रकार की क्षति हुई। वन विभाग की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि यदि किसी स्थान पर वन्यजीव दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे घेरने या उकसाने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम समय पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सके।
वन विभाग ने दोहराया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने तथा वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार सतर्क और प्रतिबद्ध है।

