वाराणसी, अयोध्या, बलिया और सोनौली के लिए इलेक्ट्रिक बस जल्द
#गोरखपुर गोरखपुर से अयोध्या, वाराणसी, बलिया और सोनौली सहित अलग-अलग महत्वपूर्ण मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसें जल्द चलेंगी। परिवहन निगम को 20 नई इलेक्ट्रिक बसें मिल गई हैं।
ये बसें कचहरी और रेलवे बस स्टेशन से चलाई जाएंगी।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए राप्तीनगर में हाईटेक चार्जिंग स्टेशन बनकर लगभग तैयार हो चुका है।
परिवहन निगम से मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर को ईको फ्रेंडली परिवहन के प्रथम चरण में 20 इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं।
इनमें से छह बसें बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी के लिए चलेंगी। वाराणसी जाने वाली बसों में तीन गाजीपुर मार्ग और तीन आजमगढ़ मार्ग से संचालित की जाएंगी।
इसके अलावा अयोध्या, बलिया, सोनौली और तमकुहीराज के लिए तीन-तीन और लार रोड देवरिया के लिए दो बसें चलाई जाएंगी।
इलेक्ट्रिक बसों का रूट चार्ट इस प्रकार तैयार किया गया है कि पूर्वांचल के सभी महत्वपूर्ण शहरों तथा पर्यटन स्थलों को और मजबूत कनेक्टिविटी मिल सके।
शुरुआती चरण में 20 बसों में से नौ कचहरी बस स्टेशन से चलाई जाएंगी, जबकि 11 का संचलन गोरखपुर रेलवे बस स्टेशन से किया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए राप्तीनगर में हाईटेक चार्जिंग स्टेशन बनकर लगभग तैयार हो चुका है।
जो भी कार्य बचे हैं, उन्हें इसी माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। चार्जिंग स्टेशन शुरू होते ही इलेक्ट्रिक बसों का संचलन नियमित रूप से शुरू हो जाएगा।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह का कहना है कि अयोध्या, वाराणसी, सोनौली जैसी जगहों के लिए इलेक्ट्रिक बसें चलने से यात्रा आरामदायक और प्रदूषणमुक्त होगी।
साथ ही ईंधन की बचत होने के कारण परिवहन निगम को भी आर्थिक रूप से लाभ होगा। यात्रियों को जल्द ही इन नई ई-बस सेवाओं की सुविधा मिलने लगेगी।

