विंध्याचल दर्शन के लिए निकले एक ही परिवार के 6 लोगों की सड़क दुर्घटना में हुई दर्दनाक मौत घरवालों के साथ पूरा गांव इस घटना पर शोक में डूबा और आंसू रुक नहीं रहे है घटना 27/10/2022
सोरांव के शिवगढ़ इलाके में बृहस्पतिवार की शाम अग्रहरि परिवार के छह लोगों के शव एक साथ उठे तो चीत्कार मच गया। परिजन ही नहीं पास पड़ोस के लोग भी जार जार रोते रहे। लोगों के आंसू थम नहीं रहे थे। किसी के पास सांत्वना का ऐसा शब्द नहीं था जो परिजनों को शांत कर सके। आंखों से आंसुओं की धारा बहती रही। शिवगढ़ के रहने वाले अग्रहरि परिवार पर बृहस्पतिवार को जैसे पहाड़ टूट पड़ा। तड़के इस परिवार में खुशियां छाई थीं। दिवंगत श्याम लाल अग्रहरि के चार बेटों में आखिरी नंबर के उमेश के इकलौते बेटे ओजस का मुंडन समारोह था। बुधवार रात से ही विंध्याचल जाने की तैयारियां चल रहीं थीं। गांव के ही इरशाद की टवेरा से उन्हें जाना था।
तड़के गाड़ी आ गई। सुबह करीब छह बजे विंध्याचल मां का जयकारा लगाते हुए परिवार के नौ लोग टवेरा से विंध्याचल के लिए चल दिए। किसी भी पता नहीं था कि काल उनके पीछे पीछे ही है। बमुश्किल पौन घंटे बाद ही घर पर दुर्घटना की वह मनहूस खबर आ गई जिससे परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उमेश के बड़े भाई संजय और रमेश खबर पाते ही हंडिया की तरफ भागे।
परिवार के अन्य लोग भी भगवान के सामने बैठ कर प्रार्थना करने लगे लेकिन होनी तो हो गई थी। छह लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया था। दोपहर में ही सभी शवों का पोस्टमार्टम किया गया। शाम को करीब सवा चार बजे दो एंबुलेंस से सभी शव शिवगढ़ स्थित घर पर पहुंचे तो हाहाकार मच गया था। एक झटके में पूरा कुनबा बिखर गया था। करीब 15 मिनट बाद ही शवों को अंतिम संस्कार के लिए रवाना कर दिया गया।

